Duleep Trophy 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच मुकाबले के दौरान मैदान पर उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा के बीच बहस होती दिखाई दी। चेन्नई में खेले जा रहे मुकाबले के 11वें ओवर के आसपास तिलक लगातार वैभव से कुछ कहते नजर आए। वैभव उस समय शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे थे और तेज रन बना रहे थे। इसी दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच बातचीत बढ़ती गई और स्थिति को संभालने के लिए अंपायर को बीच में आना पड़ा।
तिलक ने किया इशारा, फिर आमने-सामने हुए दोनों
Duleep Trophy 2026 के फाइनल से वायरल हो रहे वीडियो में तिलक वर्मा वैभव की तरफ आते और कुछ इशारा करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा और वैभव भी उनके सामने आकर खड़े हो गए। दोनों कुछ देर तक एक-दूसरे से बातचीत करते रहे। मामला बढ़ता देख अंपायर ने दोनों खिलाड़ियों को अलग किया। हालांकि, वीडियो देखकर यह निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि दोनों के बीच गंभीर विवाद हुआ था या यह मैदान पर होने वाली सामान्य नोकझोंक का हिस्सा था। इससे पहले भी तिलक को वैभव के पास जाकर कुछ कहते हुए देखा गया था। माना जा रहा है कि उनका मकसद युवा बल्लेबाज का ध्यान भटकाना और उनकी तेज बल्लेबाजी पर ब्रेक लगाना हो सकता है।
Wtf Tilak..
Ha*assing a 16 yr old 🫣 🤨😜#DuleepTrophy pic.twitter.com/bkFdxOICkQ
— Asvanth (@asvanth1808) September 6, 2026
सिराज के ओवर में वैभव ने मचाई तबाही
वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। ईस्ट जोन की पारी में उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की। वैभव ने सिर्फ 37 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने मोहम्मद सिराज के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर तेजी से रन बटोरे। उनकी इस बल्लेबाजी से साउथ जोन के कप्तान और गेंदबाजों पर दबाव बढ़ गया। हालांकि वैभव अपनी पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 44 रन बनाकर आउट हो गए।
अभिमन्यु और शिखर ने भी संभाली ईस्ट जोन की पारी
ईस्ट जोन की ओर से अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन की पारी खेली, लेकिन वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे। इसके बाद शिखर मोहन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 रन बनाए और शतक से चूक गए। दूसरी तरफ साउथ जोन के प्रमुख गेंदबाज मोहम्मद सिराज इस मुकाबले में अब तक महंगे साबित हुए। उन्होंने 11 ओवर में 70 रन खर्च किए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। खबर लिखे जाने तक ईस्ट जोन ने 54 ओवर में 4 विकेट खोकर 246 रन बना लिए थे। मुकाबले के बीच तिलक और वैभव की नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Read More-जिस घर में गूंजनी थी शादी की शहनाई, वहां पसरा मातम… जानें कैसे हो गई पिता समेत 3 बेटियों की मौत
