Homeदेशपति-पत्नी के झगड़े के बाद घर पहुंचा मायका पक्ष, फिर क्या हुआ...

पति-पत्नी के झगड़े के बाद घर पहुंचा मायका पक्ष, फिर क्या हुआ चली गई सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान?

दिल्ली के निहाल विहार में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत का मामला सामने आया है। पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप है, 4 लोग हिरासत में हैं।

-

दिल्ली के निहाल विहार इलाके में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने विनय के साथ मारपीट की, जिसमें उनकी जान चली गई। विनय नोएडा स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते थे और लक्ष्मी पार्क इलाके में रहते थे। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में भी सनसनी फैल गई।

पति-पत्नी में विवाद के बाद बुलाया गया मायका पक्ष

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी ने अपने मायके वालों को फोन कर घर बुलाया। आरोप है कि मायके से आए लोगों ने विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं। विनय के परिवार का आरोप है कि घर के अंदर उनकी मां के सामने ही उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। परिवार के मुताबिक, विनय की मां कुछ समय के लिए मेहमानों के लिए नाश्ता तैयार करने गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने बेटे को पिटता हुआ देखा और उसे छोड़ने की गुहार लगाई।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

मारपीट के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता  की हालत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिवार का दावा है कि विनय के साथ कई लोगों ने मिलकर मारपीट की थी। परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से छोटे-मोटे विवाद होते रहते थे। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट की पूरी घटना किस तरह हुई, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

चार आरोपी हिरासत में, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की जानकारी मिलने के बाद निहाल विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

साढ़े चार महीने के जुड़वां बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि विनय और उनकी पत्नी के करीब साढ़े चार महीने के जुड़वां बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं। पिता की मौत के बाद दोनों मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया। विनय के परिवार ने आरोप लगाया है कि घरेलू विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि उसकी कीमत परिवार को जान देकर चुकानी पड़ी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Read More-CM योगी-अखिलेश-मायावती समेत इन बड़े नेताओं को अचानक क्यों दिया गया बुलेटप्रूफ जैकेट? जानें

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts