सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP काफी चर्चा में है। गुरुवार को इस पार्टी के X अकाउंट पर रोक लगा दी गई। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने खुद इसकी जानकारी दी। अकाउंट बंद होने से पहले X पर इसके करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स थे। हालांकि इंस्टाग्राम पर पार्टी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। सिर्फ 6 दिनों में इसके 1.26 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए। यह संख्या भाजपा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स से भी ज्यादा बताई जा रही है। पार्टी का नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’
CJI के बयान के बाद शुरू हुआ मामला
15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। हालांकि अगले दिन उन्होंने साफ किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। इसी विवाद के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बना दी। देखते ही देखते यह इंटरनेट पर वायरल हो गई। बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ने लगे और सोशल मीडिया पर मीम और पोस्ट शेयर होने लगे।
पार्टी के नियम और वादे बने चर्चा का विषय
इस पार्टी ने सदस्य बनने के लिए चार शर्तें रखीं। इनमें बेरोजगार होना, आलसी रहना, हमेशा ऑनलाइन रहना और सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी बात रखना शामिल है। पार्टी ने एक मैनिफेस्टो भी जारी किया है। इसमें महिलाओं को 50% आरक्षण देने, दलबदल करने वाले नेताओं पर रोक लगाने और मीडिया संस्थानों को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर खूब चर्चा कर रहे हैं।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
अभिजीत दीपके अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं। वह पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर युवाओं की प्रतिक्रियाएं देखकर उन्हें यह प्लेटफॉर्म बनाने का विचार आया। दिल्ली में कुछ लोग कॉकरोच की ड्रेस पहनकर सफाई अभियान चलाते भी नजर आए। समर्थकों का कहना है कि उनका मकसद युवाओं में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाना है।
Read more-5 करोड़ के केस पर Rajpal Yadav के बदले सुर, एक्टर बोले- ‘मेरे पास 500 करोड…’
