सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों ‘Cockroach Janta Party’ नाम तेजी से चर्चा में है। कुछ ही दिनों में इस इंस्टाग्राम हैंडल ने लाखों लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। इसकी शुरुआत उस समय हुई जब सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद युवाओं और मीम क्रिएटर्स ने इस बयान को लेकर जमकर पोस्ट और ट्रोलिंग शुरू कर दी। इसी माहौल के बीच ‘Cockroach Janta Party’ नाम सामने आया, जिसने खुद को युवाओं की आवाज बताकर सोशल मीडिया पर एंट्री की। इस हैंडल ने मजाकिया अंदाज में सदस्य बनने की शर्तें भी रखीं, जिनमें बेरोजगार होना, आलसी होना और दिनभर ऑनलाइन रहना जैसी बातें शामिल थीं। लोगों ने इसे एक राजनीतिक व्यंग्य के तौर पर देखा और देखते ही देखते यह इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगा।
कौन हैं ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बनाने वाले अभिजीत?
इस वायरल हैंडल के पीछे अभिजीत दीपके नाम के युवक का नाम सामने आया है। अभिजीत महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर यानी पुराने औरंगाबाद शहर के रहने वाले हैं। वे लंबे समय से पॉलिटिकल कम्युनिकेशन और सोशल मीडिया स्ट्रेटेजी के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की और बाद में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए। वहां उन्होंने बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की। सोशल मीडिया कैंपेन और डिजिटल कम्युनिकेशन में उनकी पकड़ काफी मजबूत मानी जाती है। यही वजह है कि उनके बनाए कंटेंट तेजी से वायरल होते हैं और युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन जाते हैं।
AAP और दिल्ली सरकार के साथ भी कर चुके हैं काम
अभिजीत दीपके इससे पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। साल 2020 से 2022 के बीच उन्होंने पार्टी के डिजिटल कैंपेन में काम किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान सोशल मीडिया पर AAP के समर्थन में वायरल हुए कई मीम्स और डिजिटल कैंपेन में उनकी भूमिका बताई जाती है। इसके अलावा वे दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में कम्युनिकेशन एडवाइजर के तौर पर भी काम कर चुके हैं। राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करना उनकी खासियत मानी जाती है। यही स्टाइल अब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के जरिए भी देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इसे एक मजेदार लेकिन तीखा राजनीतिक व्यंग्य मान रहे हैं।
CJI की टिप्पणी से कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
पूरा मामला उस बयान से जुड़ा है जिसमें चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कुछ युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से की थी। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट की तरफ से सफाई दी गई कि यह टिप्पणी सभी बेरोजगार युवाओं के लिए नहीं थी, बल्कि फर्जी डिग्री रखने वाले लोगों को लेकर कही गई थी। लेकिन तब तक यह मुद्दा इंटरनेट पर बड़ा विवाद बन चुका था। इसी विवाद के बीच ‘Cockroach Janta Party’ नाम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और युवाओं ने इसे मीम कल्चर का नया चेहरा बना दिया। कई लोग इसे सिस्टम पर व्यंग्य मान रहे हैं तो कुछ इसे सिर्फ इंटरनेट ट्रेंड बता रहे हैं। फिलहाल, अभिजीत दीपके का नाम अब सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों दोनों में तेजी से चर्चा में है।
Read More-‘कॉकरोच’ नाम से उठी नई बगावत! ऐसा मैनिफेस्टो आया कि नेताओं से लेकर जजों तक में मच गई हलचल
