Kanpur News: कानपुर देहात में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बच्चों से भरी एक स्कूल बस और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बच्चे डर के कारण रोने लगे। यह हादसा कानपुर-झांसी हाईवे पर मावर कट के पास हुआ। बस में ग्रीन वैली स्कूल के बच्चे सवार थे, जिन्हें छुट्टी के बाद घर छोड़ा जा रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद जो सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, वह था यूपी के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का मानवीय चेहरा।
हाईवे पर कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक कानपुर-झांसी हाईवे पर इन दिनों सड़क निर्माण का काम चल रहा है। जगह-जगह गड्ढे और वनवे ट्रैफिक होने की वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी दौरान जब स्कूल बस मावर कट के पास मुड़ी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही बस में बैठे बच्चे डर के कारण जोर-जोर से रोने लगे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भी तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को संभालने की कोशिश करने लगे। बस के अंदर कई बच्चे घबराहट के कारण सीटों से चिपक गए थे।
मंत्री दारा सिंह चौहान ने दिखाई इंसानियत
हादसे के तुरंत बाद उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का काफिला उसी रास्ते से गुजर रहा था। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त बस और बच्चों की चीखें सुनकर मंत्री ने बिना देर किए अपना काफिला रुकवा दिया। वह खुद गाड़ी से उतरकर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। मंत्री ने अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। भीषण गर्मी और धूप के बीच जब एक घायल बच्चा सड़क पर चल नहीं पा रहा था, तब मंत्री ने अपने गार्ड को उसे गोद में उठाने का निर्देश दिया। बच्चे को तुरंत मंत्री की सरकारी गाड़ी में बैठाकर इलाज के लिए भेजा गया। मंत्री बच्चों को शांत कराते रहे, उन्हें पानी पिलाया और छांव में बैठाकर उनका हौसला बढ़ाया। यह पूरा दृश्य वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
करीब एक घंटे तक मौके पर डटे रहे मंत्री
दारा सिंह चौहान हादसे के बाद करीब एक घंटे तक मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर बुलाया और बच्चों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। मंत्री के आदेश के बाद प्रशासन ने तेजी से राहत कार्य पूरा किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। भोगनीपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक हादसे में केवल दो बच्चों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। बाकी सभी बच्चे सुरक्षित हैं। हादसे के बाद मंत्री दारा सिंह चौहान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी संवेदनशीलता की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि नेताओं का ऐसा व्यवहार बहुत कम देखने को मिलता है।
Read More-‘कॉकरोच’ नाम से उठी नई बगावत! ऐसा मैनिफेस्टो आया कि नेताओं से लेकर जजों तक में मच गई हलचल
