मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर द्वारा हाल ही में मुंबई में दिए गए एक बयान ने देश की राजनीति और धार्मिक हलकों में अचानक खलबली मचा दी है। जावेद अख्तर ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि भगवान राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक नैतिकता और जीने का तरीका हैं और वे हर भारतीय के खून में बसे हैं, चाहे उनका मजहब कोई भी हो। उनके इस वैचारिक दृष्टिकोण के सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस छिड़ गई, जहां कुछ लोगों ने उनके इस विचार को भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा बताया, तो वहीं दूसरी ओर इस पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर भी शुरू हो गया।
मौलाना साजिद रशीदी का तीखा हमला, कहा- ‘बिजनेसमैन हैं, हिंदुओं को…’
गीतकार के इस बयान पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की ओर से आई। उन्होंने जावेद अख्तर के बयान को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें एक ‘नास्तिक’ करार दिया और कहा कि उनकी बातों को गंभीरता से लेना बेवकूफी होगी। मौलाना ने तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद को नास्तिक बताता हो और किसी भी भगवान या अल्लाह को न मानता हो, वह अचानक राम की तारीफ क्यों कर रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ अपने गाने या कला को बेचने की एक रणनीति है और इसके जरिए हिंदुओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके अपने खून में हजरत आदम अलैहिस्सलाम का वंश है।
बीजेपी और विपक्षी दलों की मिली-जुली प्रतिक्रिया, किसने क्या कहा?
इस पूरे विवाद पर राजनीतिक दलों के बीच भी ब बंटी हुई प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं ने जावेद अख्तर के इस बयान का जोरदार स्वागत किया। बीजेपी नेता प्रमोद कृष्णम और राम कदम ने कहा कि जावेद अख्तर ने एक बड़ी सच्चाई को स्वीकार किया है और जिनके मन में रावण जीवित है, वही इस बात को समझ नहीं पा रहे हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस सांसद तारिक अनवर और पार्टी नेता उदित राज ने भी उनके इस विचार का समर्थन करते हुए कहा कि राम कण-कण में हैं और हर किसी को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। शिवसेना (UBT) के संजय राउत और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी राम को देश की अस्मिता और आदर्श बताते हुए इस बयान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
संस्कृति और तजीब के दायरे में बयान के मायने
एक तरफ जहां इस बयान पर वैचारिक और मजहबी स्तर पर विरोध और समर्थन का दौर जारी है, वहीं कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं जैसे मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने इसे देश की साझा संस्कृति और तहजीब से जोड़कर देखा है। उनका मानना है कि इस तरह के बयानों को यदि भारत के मिले-जुले कल्चर और परंपराओं के दृष्टिकोण से देखा जाए, तो इसमें देश की खूबसूरती ही नजर आती है। बहरहाल, एक नास्तिक माने जाने वाले कलाकार के मुंह से भगवान राम को लेकर निकली इस बात ने यह साबित कर दिया है कि भारत में आस्था, संस्कृति और सियासत के धागे आपस में कितने गहरे और जटिल तरीके से जुड़े हुए हैं।
