ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच दुबई से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के आसपास दो ड्रोन गिरने की घटना हुई है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार इस हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। हालांकि सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घायलों में भारतीय समेत चार विदेशी नागरिक
मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में दो घाना के नागरिक, एक बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर तुरंत इमरजेंसी टीमें और मेडिकल स्टाफ पहुंच गया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
जंग के बीच हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
मध्य-पूर्व में जारी ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये ड्रोन ईरान से आए थे या किसी अन्य कारण से गिर गए। हालांकि यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम ने हाल के घंटों में कई ड्रोन और मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने का दावा किया है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट पर उड़ानें सामान्य
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक माना जाता है। ड्रोन गिरने की घटना के बावजूद फिलहाल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य बताया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर ये ड्रोन कहां से आए और उनका लक्ष्य क्या था।
Read more-सुप्रीम कोर्ट ने हरीश राणा को दी इच्छामृत्यु की मंजूरी, 13 साल बाद मेडिकल सपोर्ट हटाने का आदेश
