Arvind Kejriwal: अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी को होने जा रहा है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर राजनेताओं से लेकर अभिनेताओं को न्योता भेजा जा चुका है। हालांकि अब इसी बीच दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक बहुत बड़ा बयान दिया है जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक राम मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए न्योता नहीं भेजा गया है। इतना ही नहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर उन्हें न्योता नहीं मिलता है तो वह बाद में अयोध्या जरूर जाएंगे। अरविंद केजरीवाल ने कहा मेरे पास एक लेटर आया था जिसमें बताया गया कि मुझे 22 जनवरी को निमंत्रण देने लोग आएंगे लेकिन अभी तक नहीं आए हैं।
‘मैं सपरिवार के साथ बाद में चला जाऊंगा’
सीएम अरविंद केजरीवाल ने निमंत्रण पत्र को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा,”मैं अपनी पत्नी माता-पिता और बच्चों के साथ जाना चाहता हूं। माता-पिता को काफी चाव है कोई बात नहीं मैं अपने सपरिवार के साथ बाद में चला जाऊंगा। मुझे 22 तारीख को अपना कार्यक्रम खाली रखने के लिए कहा गया था लेकिन उसके बाद अभी तक कोई निमंत्रण नहीं आया है। उस पत्र में लिखा था कि सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट की दृष्टि से केवल एक व्यक्ति को आना है मैं अयोध्या अपने पूरे परिवार को लेकर जाना चाहता हूं। लेकिन निमंत्रण से कोई फर्क नहीं पड़ता मैं अयोध्या जाऊंगा।”
पूरे देश में हो रही राम मंदिर की तैयारियां
आपको बता दें इस वक्त पूरे देश में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां हो रही हैं। कहीं से कुछ जा रहा है तो कहीं से कुछ राम मंदिर के लिए जा रहा है। अभी हाल ही में गुजरात से राम मंदिर के लिए 108 फीट लंबी अगरबत्ती गई है। वही आपको बता दें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा 6000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। 22 जनवरी को नरेंद्र मोदी के हाथों रामलला अपने गर्भगृह में विराजमान हो जाएंगे।
