Gold-Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में आज फिर तेजी देखने को मिली है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना ₹2,000 महंगा होकर ₹1,58,800 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी के भाव में भी बढ़ोतरी हुई है। अगर आप आज सोना या चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो खरीदारी से पहले ताजा कीमत जरूर जान लें।
सोने के भाव में आया बड़ा उछाल
बुधवार, 19 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले कारोबारी सत्र में सोना ₹1,56,800 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। आज इसमें ₹2,000 की बढ़ोतरी हुई और भाव ₹1,58,800 प्रति 10 ग्राम हो गया। बाजार में खुदरा विक्रेताओं और स्टॉकिस्ट की तरफ से खरीदारी बढ़ने को तेजी की प्रमुख वजह माना जा रहा है। यानी लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में सोने की कीमत ऊपर गई है। ऐसे में सोना खरीदने वालों के लिए आज का दिन महंगा साबित हो सकता है।
चांदी ने भी बढ़ाई कीमत, जानिए नया भाव
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी तेजी आई है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी दो कारोबारी सत्र तक ₹2,40,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर स्थिर रहने के बाद अब ₹730 बढ़कर ₹2,40,730 प्रति किलो हो गई है। दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, पटना, जयपुर, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद और अन्य प्रमुख शहरों में स्थानीय बाजार के हिसाब से कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है। इसके अलावा ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज, जीएसटी और अन्य शुल्क जुड़ने के कारण ग्राहकों को वास्तविक भुगतान बाजार भाव से अधिक करना पड़ सकता है।
विदेशी बाजार में सोना-चांदी क्यों कमजोर हुई?
भारतीय बाजार में तेजी के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी पर दबाव दिखाई दिया। हाजिर सोना करीब 0.5 प्रतिशत गिरकर 4,394.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया, जबकि चांदी की कीमत एक प्रतिशत से अधिक गिरकर करीब 65.08 डॉलर प्रति औंस रही। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में मजबूती और कुछ निवेशकों की मुनाफावसूली से चांदी पर दबाव आया। वहीं, पश्चिम एशिया में आपूर्ति से जुड़ी चिंताओं और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच सोने की चाल पर भी निवेशकों की नजर बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों का असर घरेलू सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ सकता है।
Read More-किसके साथ 7 फेरें लेगी SRH की मालकिन Kavya Maran? सामने आई शादी की तारीख
