बिहार के बक्सर जिले से स्कूल और शिक्षक-छात्र संबंधों को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। डुमरांव प्रखंड के एक स्कूल से जुड़े दो शिक्षकों पर 12 नाबालिग छात्राओं के साथ कई महीनों तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि शिक्षकों ने छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए और बाद में उनमें से कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। करीब तीन दिन पहले वीडियो सामने आने के बाद छात्राओं के परिवारों और स्थानीय लोगों को मामले की जानकारी हुई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
वीडियो वायरल होने पर ग्रामीणों ने शिक्षकों को घेरा
मामले की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के आसपास जुट गए। आक्रोशित लोगों ने दोनों शिक्षकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया। शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों की शिकायत पर POCSO के तहत केस दर्ज
कृष्ण ब्रह्म थाना पुलिस ने छात्राओं के परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों से जुड़े संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कैसे बनाए गए और उन्हें सोशल मीडिया पर किस तरह फैलाया गया।
SP ने कहा- दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
बक्सर के एसपी शुभम आर्या और प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं के बयानों और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से दोनों शिक्षकों को निलंबित किए जाने के बाद अब पुलिस जांच पर सबकी नजर है। इस घटना ने स्कूलों में नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
RAED MORE-सुबह-सुबह ऑफिस में हुआ कुछ ऐसा, फूटा अभिषेक बनर्जी का गुस्सा, कहा- ‘सब याद रखा जाएगा…’
