उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा इस बार एक खास वजह से चर्चा में है। 17 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवार भी शामिल होंगे। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने इन परिवारों को कथा में आमंत्रित करने के साथ उनके आने-जाने और धार्मिक स्थलों के दर्शन की भी व्यवस्था की है। इसके लिए उन्होंने 10 बसों का इंतजाम किया है। इस पहल के पीछे राजा भैया का उद्देश्य इन परिवारों के संघर्ष और अनुभवों को लोगों के सामने लाना बताया जा रहा है।
धीरेंद्र शास्त्री की कथा में शामिल होंगे पाकिस्तानी हिंदू
कुंडा के बेंती स्थित मैदान में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा सुनाएंगे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। खास बात यह है कि पाकिस्तान से भारत आए हिंदू शरणार्थी परिवारों को भी कथा सुनने का अवसर मिलेगा। राजा भैया की ओर से इन परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। आयोजन में उनकी मौजूदगी को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है।
राजा भैया ने 10 बसों का किया इंतजाम, कराएंगे धार्मिक स्थलों के दर्शन
राजा भैया ने केवल कथा में शामिल कराने तक ही अपनी व्यवस्था सीमित नहीं रखी है। कार्यक्रम के बाद पाकिस्तानी हिंदू परिवारों को प्रयागराज, काशी और अयोध्या की धार्मिक यात्रा भी कराई जाएगी। इसके लिए 10 बसों की व्यवस्था की गई है। राजा भैया का कहना है कि इन परिवारों ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यक होने के कारण कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। उनकी जिंदगी और संघर्ष के बारे में समाज को जानना चाहिए। इस पहल के जरिए वह इन परिवारों के अनुभवों को लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।
लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद, प्रशासन ने संभाली तैयारी
श्रीराम कथा को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आयोजक राजा भैया और कुंडा के एसडीएम अजय यादव भी मौजूद रहे। डीएम ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन निकासी के रास्तों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
वाटरप्रूफ पंडाल से लेकर पार्किंग तक, तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
आयोजन में भारी भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशाल वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग, सुरक्षा और आवागमन को सुचारु बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है। 17 से 20 नवंबर तक चलने वाली इस कथा में धार्मिक आयोजन के साथ पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि कथा में कितनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और राजा भैया की यह विशेष पहल किस तरह आगे बढ़ती है।
Read More-नाइट ड्यूटी का बहाना बनाकर अचानक घर लौटा पति तो पड़ोसी के साथ आपत्तिजनक हालत में मिली पत्नी, फिर…
