पुणे के मशहूर ऐतिहासिक लोहागढ़ किले से सामने आई केतन अग्रवाल की मौत की खबर ने इस वक्त हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिसे शुरुआत में एक पैर फिसलने की आम दुर्घटना माना जा रहा था, वह अब एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली मर्डर मिस्ट्री में तब्दील हो चुका है। मृतक केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पुलिस के सामने जो बयान दर्ज कराए हैं, उसने इस पूरे मामले का रुख ही पलट दिया है। पिता का सीधा और गंभीर आरोप है कि उनके 26 वर्षीय बेटे की हत्या किसी आम अपराधी ने नहीं, बल्कि उसकी होने वाली पत्नी ने एक बेहद शातिराना और ठंडे दिमाग से रची गई साजिश के तहत की है।
बाली ट्रिप से पहले गायब हुआ पासपोर्ट और वो ‘तीसरा’ शख्स!
केतन अग्रवाल पेशे से बिल्डर थे और अपने पिता के बिजनेस में हाथ बंटाते थे। इसी साल फरवरी 2026 में पुणे के एक बड़े होटल में उनकी सगाई सिया गोयल नाम की लड़की से हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, यहाँ तक कि दोनों के प्री-वेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया के बाली शहर की टिकट्स और बुकिंग भी हो चुकी थी। लेकिन 6 जून को मुंबई एयरपोर्ट पर अचानक केतन का पासपोर्ट रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया, जिसकी वजह से ट्रिप कैंसल करनी पड़ी। घर लौटने के बाद केतन ने अपने पिता को बताया था कि सिया का बर्ताव अचानक बदल गया है। वह बात-बात पर झगड़ती है, उसका फोन हमेशा व्यस्त रहता है और वह अपनी बातचीत में बार-बार ‘चेतन चौधरी’ नाम के एक लड़के का जिक्र करती है। केतन को शक था कि सिया का किसी और से चक्कर चल रहा है।
आखिर लोहागढ़ किला ही क्यों? मंगेतर की वो अजीब सनक
इस पूरी मर्डर मिस्ट्री का सबसे बड़ा सस्पेंस है लोहागढ़ किला। पिता के मुताबिक, सिया अचानक केतन को बार-बार लोहागढ़ किले पर ले जाने की जिद करने लगी थी। 31 मई को दोनों वहां गए, फिर 14 जून को भी सिया ने रोना-धोना मचाकर केतन को दोबारा लोहागढ़ चलने पर मजबूर किया। हद तो तब हो गई जब 17 जून की रात 11 बजे सिया ने फिर से व्हाट्सऐप कॉल किया और 18 जून की सुबह लोहागढ़ चलने को कहा। जब केतन की मां ने इतनी जल्दी-जल्दी वहां जाने से मना किया, तो सिया ने रोते हुए दुहाई दी कि 19 जून को उसका जन्मदिन है और वह अपना बर्थडे इसी किले पर मनाना चाहती है। मंगेतर की इस जिद के आगे पूरा परिवार झुक गया और यही उनकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई।
मौत की जगह देखकर खुली आंखें: पिता बोले- ‘यह हादसा हो ही नहीं सकता’
18 जून की सुबह केतन अपनी कार लेकर निकला और सुबह करीब 10:45 बजे सिया की मां ने केतन के परिवार को फोन पर चीखते हुए बताया कि केतन खाई में गिर गया है। जब तक परिवार मौके पर पहुंचा, पुलिस केतन को निकाल चुकी थी और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत के गम से उबरने के बाद, जब 21 जून को केतन के पिता अपने कुछ दोस्तों के साथ खुद उस पहाड़ी और घटनास्थल पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि जिस पॉइंट से केतन के गिरने का दावा किया जा रहा है, वहां इतनी सुरक्षा है कि कोई भी व्यक्ति सामान्य रूप से या गलती से नीचे गिर ही नहीं सकता।
पिता का साफ आरोप है कि सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के बीच केतन एक दीवार बन रहा था। इसी दीवार को हटाने के लिए सिया ने केतन को बार-बार लोहागढ़ बुलाया, ताकि वह जगह की रेकी कर सके और सही मौका पाकर 18 जून को उसने चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को 300 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। इस दिल दहला देने वाले खुलासे के बाद पुलिस ने मंगेतर सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन के खिलाफ हत्या और साजिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Read more-“अपनी अय्याशी के चक्कर में मेरें बेटे को…” केतन हत्याकांड पर छलका पिता का दर्द, किया सनसनीखेज खुलासा
