Bangladesh News: बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में इस वारदात को लेकर कई हैरान करने वाली बातें सामने आई हैं। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों युवक कई घंटे तक उसी घर में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने खाना खाया, नहाया और याबा नाम का नशीला पदार्थ भी लिया। मृतकों में रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 साल का बेटा प्रियम चक्रवर्ती शामिल हैं।
छत से घर में पहुंचे, फिर पूरे परिवार की हत्या
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 20 अगस्त की रात रंगपुर के माचुआपारा इलाके में हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय सिद्धार्थ दास और 19 वर्षीय मुग्धा दास के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि दोनों पड़ोस की एक इमारत के रास्ते गणपति चक्रवर्ती के घर की छत तक पहुंचे थे। आवाज सुनकर गणपति छत पर आए और वहां मौजूद लोगों के बारे में पूछा। पुलिस के अनुसार, पहचान सामने आने के डर से आरोपियों ने गमछे की मदद से उनका गला दबा दिया। इसके बाद उनकी पत्नी भी वहां पहुंचीं, जिनकी सीढ़ियों के पास हत्या कर दी गई। हिंदू परिवार की बेटी और 12 वर्षीय बेटे को भी नहीं छोड़ा गया। बेटे प्रियम का शव घर के अंदर बिस्तर के नीचे मिला। परिवार के लोगों से संपर्क नहीं होने पर रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद 22 अगस्त की देर रात शव बरामद किए गए।
हत्या के बाद घंटों घर में रहे आरोपी
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत घर से बाहर नहीं निकले। दोनों कई घंटे तक घर के अंदर ही रहे। पुलिस का कहना है कि उन्होंने वहां नहाया और खाने की मेज पर रखे खजूर खाए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने याबा नाम का ड्रग्स लिया था। पुलिस को शक है कि उन्होंने हिंदू परिवारके मोबाइल फोन से अपनी पहचान से जुड़े सबूत मिटाने की कोशिश भी की। इसके लिए मोबाइल फोन को वॉशिंग पाउडर मिले पानी में रखने की बात सामने आई है। हालांकि, जांच में सामने आए इन सभी तथ्यों की पुष्टि आगे की पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट से होगी।
लूट का नाटक रचने की कोशिश, मंदिर के पीछे मिले गहने
पुलिस का आरोप है कि घर से जाने से पहले दोनों ने सामान इधर-उधर बिखेर दिया और तोड़फोड़ की, ताकि हत्या को लूट की घटना जैसा दिखाया जा सके। जांच के दौरान पुलिस को हिंदू परिवार के सोने के गहनों के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गहनों को घर के पास स्थित एक मंदिर के पीछे सुनसान जगह पर छिपा दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इन गहनों को बरामद करने का दावा किया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह तथा घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
Read More-वेंटिलेटर में अचानक हुआ धमाका और अस्पताल में लग गई भीषण आग, 39 नवजात में से 3 की गई जान
