Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर से पति, पत्नी और प्रेमी से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक महिला अपने पति और प्रेमी दोनों के साथ एक ही घर में रह रही है। महिला का दावा है कि वह अपनी मांग में दोनों के नाम का सिंदूर भरती है। मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन तीनों बालिग होने के कारण पुलिस ने उन्हें उनकी मर्जी से रहने की अनुमति दी। इस पूरे मामले में महिला के दो बच्चे भी हैं, जो अपनी मां, पिता और ‘चाचू’ के साथ रहने की बात कह रहे हैं।
10 साल की शादी के बाद महिला की जिंदगी में आया प्रेमी
मामला सीतापुर (Sitapur) के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के फुलवारीपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले शुभम वर्मा की करीब 10 साल पहले अंजू वर्मा से शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि शादी के कई साल बाद अंजू की जिंदगी में उमेरा गांव के रहने वाले नितिन शर्मा की एंट्री हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। मामला उस समय पुलिस तक पहुंचा, जब अंजू अपने पति, प्रेमी और दोनों बच्चों के साथ कोतवाली पहुंच गई। महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुर और ननद उसे घर में रहने नहीं दे रहे हैं। उसने पुलिस के सामने साफ कहा कि वह पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है।
पति ने बताई अपनी परेशानी, अब साथ रहने को तैयार
अंजू के पति शुभम से जब इस रिश्ते को लेकर बात की गई तो उन्होंने बताया कि पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद वह काफी परेशान हो गए थे। उन्होंने यहां तक कहा कि एक समय उनके मन में अपनी जिंदगी खत्म करने का विचार भी आया था। हालांकि, अब वह पत्नी और उसके प्रेमी नितिन के साथ रहने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर नितिन का कहना है कि बच्चों को देखते हुए वे सभी साथ रहेंगे। परिवार के बच्चों से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने भी अपनी मां, पिता और चाचू के साथ रहने की इच्छा जताई। इस मामले में महिला का कहना है कि वह अपनी मांग में पति और प्रेमी दोनों के नाम का सिंदूर लगाती है।
ससुर ने घर से निकाला तो पुलिस ने सामान दिलाया
महिला के इस फैसले से उसके ससुराल वाले सहमत नहीं हैं। बताया जा रहा है कि ससुर ने उन्हें घर में रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामला पुलिस के सामने पहुंचा। पुलिस ने तीनों के बालिग होने और अपनी इच्छा से रहने की बात कहने के बाद उन्हें उनकी मर्जी पर छोड़ दिया। पुलिस की मौजूदगी में शुभम का सामान भी ससुर के घर से मंगवाकर उन्हें सौंप दिया गया। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला, उसका पति, प्रेमी और दोनों बच्चे किस तरह साथ रह रहे हैं, यह लोगों के लिए सबसे ज्यादा हैरानी की बात बनी हुई है।
