रोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा माइलस्टोन 68.800 के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ की लेन में चली गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। इसी दौरान सामने से आ रही एक्सयूवी-700 से स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
DFO विकास नायक और चालक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम, पीआरबी 5618 और नगला खंगर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। घायलों को सैफई स्थित पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान इटावा के जिला वन अधिकारी (DFO) विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई। हादसे में कुल छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद इटावा वन विभाग के अधिकारी और प्रशासन से जुड़े लोग भी अस्पताल पहुंचे।
दोनों गाड़ियों में सवार थे कई लोग
जानकारी के मुताबिक, DFO विकास नायक अपने चालक देवांश समेत तीन लोगों के साथ एक्सयूवी-700 में सफर कर रहे थे। दूसरी ओर स्कॉर्पियो-एन में कोलकाता निवासी चालक, उनकी 65 वर्षीय पत्नी और अन्य लोग सवार थे। हादसे में दोनों वाहनों में मौजूद कई लोग घायल हुए। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मचारियों ने दुर्घटना के बाद तत्काल राहत एवं बचाव का काम शुरू किया। घायलों को प्राथमिक मदद देने के बाद उन्हें इलाज के लिए सैफई भेजा गया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और शुरुआती तौर पर सामने आई चालक को झपकी आने की बात की भी पड़ताल की जा रही है।
क्षतिग्रस्त गाड़ियां हटने के बाद सामान्य हुआ यातायात
हादसे के बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। दुर्घटना के कारण सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन पड़े होने से यातायात धीमा हो गया था। पुलिस और एक्सप्रेसवे की टीम ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर संबंधित पुलिस चौकी पहुंचाया। इसके बाद रास्ता साफ कराया गया और यातायात दोबारा सामान्य हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद इटावा वन विभाग में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Read More-गमछा बिछाकर धरने पर क्यों बैठ गए BJP विधायक? बोले- CM आएंगे तभी उठूंगा
