Homeउत्तर प्रदेशUP वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, धनतेरस से छठ तक बिजली को...

UP वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, धनतेरस से छठ तक बिजली को लेकर CM योगी ने दे दिया बड़ा आदेश

यूपी में धनतेरस से छठ पूजा तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश जारी। जानिए शहरों और गांवों में बिजली कटौती रोकने, ट्रांसफार्मर बदलने और हेल्पलाइन 1912 से जुड़ी पूरी जानकारी।

-

उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। धनतेरस से लेकर छठ पूजा तक प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है। खास बात यह है कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी बिजली कटौती नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

धनतेरस से छठ तक नहीं होगी बिजली कटौती

उत्तर प्रदेश में दीपावली और छठ पूजा के त्योहार को देखते हुए बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने शक्तिभवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी डिस्कॉम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को लगातार बिजली मिलनी चाहिए। किसी भी इलाके में बेवजह बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। सरकार की कोशिश है कि त्योहारों के समय लोगों को बिजली की समस्या का सामना न करना पड़े।

- Advertisement -

ट्रांसफार्मर खराब हुआ तो तुरंत होगी कार्रवाई

बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार शुरू होने से पहले सभी जरूरी उपकरणों की जांच पूरी कर ली जाए। खासतौर पर ट्रांसफार्मरों और फीडरों पर पड़ने वाले लोड की निगरानी की जाएगी, ताकि अधिक दबाव के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके अलावा ट्रॉली ट्रांसफार्मरों को भी तैयार रखने को कहा गया है। अगर किसी इलाके में ट्रांसफार्मर खराब होता है तो उसकी जगह तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। मरम्मत के लिए विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी, जिससे तकनीकी खराबी आने पर जल्द से जल्द बिजली सप्लाई बहाल की जा सके।

ढीले तार और झुके खंभों को लेकर विभाग अलर्ट

त्योहारों से पहले बिजली लाइनों की जांच और पेट्रोलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिन इलाकों में बिजली के तार ढीले हैं या खंभे झुके हुए हैं, उन्हें समय रहते ठीक किया जाएगा। घरों की छतों के पास से गुजरने वाली बिजली लाइनों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही स्कूलों की छतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को हटाने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बिजली की शिकायत के लिए 1912 पर करें फोन

अगर त्योहारों के दौरान किसी इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित होती है या कोई तकनीकी समस्या आती है तो उपभोक्ता बिजली विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के जल्द निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां से समस्याओं की निगरानी की जाएगी। पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने भी अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में धनतेरस से छठ तक बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। हालांकि, तकनीकी खराबी की स्थिति में मरम्मत के लिए कुछ समय लग सकता है।

Read More-UP चुनाव से पहले जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह का बड़ा ऐलान, JDU से तोड़ा नाता, अब कैसे लड़ेगें चुनाव?

- Advertisement -

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts