UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया है। अवध और पूर्वांचल के कई हिस्सों में लगातार 30 से 36 घंटे से बारिश हो रही है। कहीं सड़कें पानी में डूबी हैं तो कहीं खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रदेश के 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
बारिश से कई जिलों में बिगड़े हालात, 8 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम खराब होने का असर लखनऊ, गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, प्रतापगढ़, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बस्ती समेत कई जिलों में दिखाई दे रहा है। सड़कों और बाजारों में पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अमेठी में पुलिस की ओर से मुनादी कराकर लोगों को जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। गोंडा और श्रावस्ती में लंबे समय से जारी बारिश ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है।
राप्ती का बढ़ सकता है जलस्तर, NDRF-SDRF अलर्ट
श्रावस्ती में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। नेशनल हाईवे-730 पर भी कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बताई जा रही है। भारत और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर पड़ सकता है। राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में लोगों को सतर्क किया गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है। संभावित बाढ़ को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमें अलर्ट पर हैं। अधिकारियों को जलस्तर और जलभराव की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता
लगातार बारिश का असर खेती पर भी पड़ा है। ग्रामीण इलाकों में कई जगह खेतों में पानी जमा हो गया है। तेज हवाओं के चलते कुछ स्थानों पर फसलों के गिरने की जानकारी भी सामने आई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों का जायजा ले रही हैं और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव की तैयारी की जा रही है। राहत आयुक्त की ओर से जारी एडवाइजरी में लोगों को नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
बारिश के बीच कई जिलों में स्कूल बंद, CM योगी ने दिए निर्देश
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। लखनऊ में कक्षा 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। रायबरेली में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी हुआ है। श्रावस्ती में भी सभी संबंधित स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है, जबकि मिर्जापुर में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खराब मौसम और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने तथा राहत-बचाव की तैयारियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से लोगों को मौसम संबंधी अपडेट देखते रहने और स्थानीय निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
