Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में चंदीपुर और सरैला गांव के बीच तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक, महिला और 14 साल की किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक डंपर के नीचे फंस गई। इसके बाद चालक बाइक समेत तीनों को करीब 150 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिस परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार मच गई।
मामा की बेटी की शादी में जा रही थीं मां-बेटी, रास्ते में छूटा साथ
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान असनी गांव निवासी 23 वर्षीय सौरभ मौर्य, 38 वर्षीय शबनम और उनकी 14 वर्षीय बेटी इलमा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शबनम अपनी बेटी के साथ बहुआ में अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही थीं। सौरभ भी उनके साथ बाइक पर सवार थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी में शामिल होने निकले तीनों लोग कभी वापस नहीं लौटेंगे। शबनम की मौत की खबर से उनके पति शरीफ अहमद पूरी तरह टूट गए। पत्नी और इकलौती बेटी के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, दुल्हन बनी शाहीन बेगम के घर में भी खुशियों की जगह मातम छा गया। बहन और भतीजी को खोने के गम में परिवार के लोगों का बुरा हाल है।
ओवरलोड डंपरों पर कार्रवाई की मांग, मौके पर पहुंचे एसपी
तीन लोगों की मौत के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोरंग खदानों से गुजरने वाले ओवरलोड डंपरों और ट्रकों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना था कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय के मुताबिक, पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिया है। अब इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सड़कों पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों पर लगाम कब लगेगी?

