UP Politics 2026: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अनीसुर्रहमान सैफी ने समाजवादी पार्टी छोड़कर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का दामन थाम लिया है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ओवैसी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया गया और पार्टी के चुनाव चिह्न वाला पटका पहनाया गया। कार्यक्रम में AIMIM के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अनीसुर्रहमान के इस फैसले को पश्चिमी यूपी की राजनीति में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
2022 में भी सपा से टिकट के थे दावेदार, अब बदल लिया राजनीतिक रास्ता
अनीसुर्रहमान सैफी का कांठ विधानसभा क्षेत्र में पुराना राजनीतिक प्रभाव रहा है। उन्होंने साल 2012 में पीस पार्टी ऑफ इंडिया के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का रुख किया। साल 2022 के चुनाव में भी वह कांठ सीट से सपा के टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन पार्टी ने अंतिम समय में कमाल अख्तर को उम्मीदवार बनाया। वर्तमान में कमाल अख्तर ही इस सीट से सपा के विधायक हैं। अब अनीसुर्रहमान का AIMIM में जाना आने वाले चुनाव में नया राजनीतिक समीकरण तैयार कर सकता है।
कांठ सीट पर किसका पलड़ा होगा भारी? सैफी वोट बैंक पर नजर
कांठ विधानसभा सीट मुरादाबाद जिले की महत्वपूर्ण सीटों में गिनी जाती है। यहां मुस्लिम मतदाताओं के साथ अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के मतदाता भी चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभाते हैं। अनीसुर्रहमान की राजनीतिक पहचान और सैफी समुदाय में उनकी पकड़ AIMIM के लिए फायदेमंद हो सकती है। राजनीतिक चर्चाओं में यह सवाल उठने लगा है कि क्या उनकी एंट्री से सपा के पारंपरिक वोट बैंक पर असर पड़ेगा? हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि AIMIM उन्हें 2027 में कांठ से उम्मीदवार बनाएगी या नहीं।
यूपी में तीसरे विकल्प की तैयारी, ओवैसी की नजर विधानसभा चुनाव पर
उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल बनने के साथ ही छोटे और क्षेत्रीय दल भी अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने में जुट गए हैं। इसी बीच लखनऊ के रमाबाई मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली भी चर्चा में है। संविधान दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। दूसरी तरफ सपा और कांग्रेस के बीच उम्मीदवारों को लेकर बयानबाजी भी सामने आ रही है। ऐसे में अनीसुर्रहमान का AIMIM में शामिल होना अखिलेश यादव के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नई चुनौती बन सकता है। अब देखना होगा कि ओवैसी की पार्टी 2027 के चुनाव में इस राजनीतिक बदलाव का कितना फायदा उठा पाती है।
Read More- पुलिस चौकी से चंद कदम दूर ढाबे पर खूनी गैंगवार, शूटरों पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, 4 लोगों की हत्या

