Rohtak Gangwar: हरियाणा के रोहतक में देर रात हुई गैंगवार की एक खौफनाक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर पांच हथियारबंद बदमाशों ने चार युवकों को गोलियों से भून दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी स्विफ्ट कार में सवार होकर रात करीब साढ़े 12 बजे ढाबे पर पहुंचे थे। उस समय युवक खाना खा रहे थे। बदमाशों ने बिना देर किए उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से ढाबे में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के पीछे छिपने लगे। हमले में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे भी गोली मार दी।
सन्नी रिटोलिया गैंग के शूटरों को बनाया निशाना, हिमांशु भाऊ गैंग पर शक
इस हमले में मारे गए चारों युवकों को सन्नी रिटोलिया गैंग से जुड़ा शूटर बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे, जबकि एक युवक बेरी क्षेत्र से संबंधित था। पुलिस इस वारदात को हिमांशु भाऊ गैंग और सन्नी रिटोलिया गुट के बीच चल रही दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस डीघल गांव में हाल ही में हुई एक युवक की हत्या से भी इस वारदात के संभावित कनेक्शन की पड़ताल कर रही है। इस एंगल को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि गैंगों के बीच पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
आईजी और एसपी मौके पर पहुंचे, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
चार हत्याओं की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ढाबे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अब इस सवाल का जवाब तलाश रही है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले पांचों बदमाश आखिर कौन थे और उन्हें इस हमले की जानकारी कैसे मिली।
Read More-भारत-श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल की जंग आज, जानिए मैच का समय और कहां देखें LIVE मुकाबला

