उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया। सोमवार को शहर के व्यस्त श्यामगंज फ्लाईओवर पर स्कूटी से जा रहे 15 वर्षीय वीर सिंह गंगवार की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। तेज धार वाले मांझे से उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और परिवार को सूचना दी। इसके बाद घायल किशोर को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
स्टेडियम जाते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, वीर सिंह गंगवार स्टेडियम जाने के लिए घर से स्कूटी पर निकले थे। जैसे ही वह श्यामगंज फ्लाईओवर पर पहुंचे, हवा में लटका चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। तेज रफ्तार के कारण मांझे ने गर्दन पर गहरा घाव कर दिया। घायल किशोर उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना मंत्री संजय गंगवार के भतीजे और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार के बेटे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चिंता का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मंत्री संजय गंगवार भी तुरंत बरेली पहुंचे और अस्पताल जाकर डॉक्टरों से बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
प्रतिबंध के बावजूद बिक्री पर उठे सवाल
इस घटना के बाद शहर में चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद बाजारों में यह मांझा आसानी से उपलब्ध है। मंत्री संजय गंगवार ने भी इस पर चिंता जताई और कहा कि जब सरकार ने पहले ही इस पर रोक लगा रखी है, तो इसकी बिक्री कैसे हो रही है। उन्होंने कहा कि वह जिला प्रशासन से जवाब मांगेंगे और पूरे मामले की समीक्षा करेंगे। मंत्री ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।
पुलिस ने तेज किया अभियान, लोगों से की अपील
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि चाइनीज मांझे के खिलाफ पहले से अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इस घटना के बाद कार्रवाई और तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां भी प्रतिबंधित मांझा बेचने की सूचना मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई दुकानदार चाइनीज मांझा बेच रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। बता दें कि चाइनीज मांझा न केवल इंसानों, बल्कि पक्षियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा बन चुका है। हर साल ऐसे कई हादसे सामने आते हैं, जिनमें लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।
Read more-कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में बवाल, अभिजीत दीपके को युवक ने जड़ा थप्पड़ और खींचा गमछा, Video
