UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एक युवक कथित तौर पर अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि महिला के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि यह घटना करीब 10 दिन पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। सहारनपुर में युवक की पिटाई का यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है।
रस्सियों से बांधकर उल्टा लटकाने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक रात करीब 11:30 बजे पास के गांव में रहने वाली एक विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचा था। बताया गया कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था और महिला के परिवार को भी इसकी जानकारी थी। युवक के घर पहुंचने की भनक लगते ही महिला के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद युवक को रस्सियों से बांधा गया और उसे उल्टा लटकाकर पीटा गया। बाद में उसे लकड़ी की बल्ली से भी बांध दिया गया।
मौके पर जुटी भीड़, किसी ने बना लिया वीडियो
घटना के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में युवक को रस्सियों के सहारे बांधा हुआ देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच यह मामला तेजी से फैल गया। घटना की जानकारी मिलने पर मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। पुलिस के मुताबिक, उस समय दोनों पक्षों के बीच थाने के बाहर ही समझौता हो गया था और किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी थी।
वीडियो वायरल होने के बाद फिर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने उस समय युवक के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की थी। अब करीब 10 दिन बाद वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को दोबारा संज्ञान में लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका भी देखी जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक के साथ वास्तव में किस तरह की मारपीट की गई और वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना किन परिस्थितियों में हुई थी।
