शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उत्तर प्रदेश के बरेली में माहौल अचानक गर्मा गया जब ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में लगे पोस्टरों और नारों के साथ बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। यह प्रदर्शन धीरे-धीरे बेकाबू होता गया और पुलिस को हालात काबू में लाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शनकारी दो प्रमुख स्थानों – आला हज़रत दरगाह और आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खान के घर के बाहर इकट्ठा हुए थे। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण शुरू हुआ था, लेकिन बाद में कुछ अराजक तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके चलते कार्रवाई करनी पड़ी।
आई लव मोहम्मद” के पोस्टर और बढ़ता तनाव
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘आई लव मोहम्मद’ के बैनर और पोस्टर थे, और वे ‘अल्लाहु अकबर’ के नारे लगा रहे थे। यह दृश्य पहले शांतिपूर्ण लगा, लेकिन जैसे-जैसे भीड़ बढ़ी, माहौल में तनाव बढ़ने लगा। पुलिस ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने निर्देश नहीं माने। बताया जा रहा है कि कुछ उपद्रवी तत्वों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई और पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है लेकिन ऐहतियात के तौर पर भारी सुरक्षा बल तैनात है।
पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, हालात सामान्य
पुलिस का कहना है कि अगर तुरंत कार्रवाई नहीं होती तो स्थिति और बिगड़ सकती थी। आला हज़रत दरगाह और मौलाना तौकीर रज़ा के आवास के आसपास सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं सोशल मीडिया पर भी ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर पोस्ट्स वायरल हो रही हैं, जिससे माहौल और अधिक संवेदनशील हो गया है। पुलिस आईटी सेल इन पोस्ट्स पर निगरानी बनाए हुए है। बरेली प्रशासन ने बताया कि शहर में अब शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
Read more-क्या इंडिया फाइनल में हारेगा? पाक कप्तान सलमान का बड़ा ऐलान, बोले- ‘हम हरा सकते हैं भारत को’
