Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुए इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि पुलिस ने की है। बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे। आग तेजी से फैलने के बाद कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चलते-चलते बस में लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़
जानकारी के मुताबिक बस ग्रेटर नोएडा की ओर से आगरा की तरफ जा रही थी। दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई और कुछ ही देर में लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोकने की कोशिश की। आग की भयावहता देखकर कई यात्रियों ने बाहर निकलने के लिए बस से छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस से तेज धुआं और ऊंची लपटें उठ रही थीं। कुछ लोगों ने बस के अंदर से पटाखे जैसी आवाजें आने की बात भी कही है, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
आग में फंसे यात्रियों को नहीं मिला बाहर निकलने का मौका
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। पुलिस के अनुसार इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम और दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के चलते जेवर टोल और फलैदा कट के आसपास कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बस दिल्ली से महोबा जा रही थी और शुरुआती जानकारी के अनुसार यह राज कल्पना ट्रैवल्स की बस थी। हादसा आखिर किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
