Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद चौंकाने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ सिपाही भर्ती परीक्षा देने आई दो सहेलियों को अकेला पाकर एक ऑटो ड्राइवर ने उनके साथ दरिंदगी करने की कोशिश की। लखीमपुर खीरी की रहने वाली ये दोनों छात्राएं सुबह-सुबह अपने परीक्षा केंद्र जाने के लिए निकली थीं। शहर से अनजान होने का फायदा उठाकर ऑटो चालक उन्हें मुख्य रास्ते से भटकाकर एक बेहद सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने ऑटो रोककर एक छात्रा के साथ बदसलूकी और जबरदस्ती शुरू कर दी। इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
जांबाज छात्रा ने दांतों से काटी उंगली, शोर सुनकर भागा आरोपी
जब ऑटो ड्राइवर अपनी हदें पार करने लगा, तो दोनों सहेलियां बुरी तरह डर गईं। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। दूसरी सहेली ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया ताकि कोई मदद के लिए आ सके। इसी बीच, खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाने के लिए पीड़ित छात्रा ने सूझबूझ दिखाई और आरोपी ड्राइवर की उंगली पर दांतों से जोर से काट लिया। दर्द से छटपटाते हुए आरोपी की पकड़ ढीली हुई। ठीक उसी समय दूर से एक राहगीर आता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर आरोपी घबरा गया और दोनों लड़कियों को वहीं छोड़कर अपने ऑटो के साथ मौके से फरार हो गया। राहगीर ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
छात्राओं को समय पर पहुंचाया एग्जाम सेंटर
घटना की जानकारी मिलते ही लखनऊ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले दोनों डरी-सहमी लड़कियों को संभाला और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया। चूंकि दोनों का भविष्य दांव पर था और उनकी पहली पाली में परीक्षा थी, इसलिए पुलिस ने अपनी गाड़ी से दोनों छात्राओं को समय रहते उनके एग्जाम सेंटर तक सुरक्षित पहुंचाया। परीक्षा खत्म होने के बाद पुलिस ने दोनों सहेलियों की लिखित शिकायत पर केस दर्ज किया और उनके बयान लेकर उन्हें सुरक्षित उनके माता-पिता के हवाले कर दिया। पुलिस की इस तत्परता की वजह से पीड़ित छात्राएं अपना पेपर दे पाईं।
पुलिस एनकाउंटर में आरोपी हुआ गिरफ्तार
डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित के मुताबिक, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की 3 स्पेशल टीमें बनाई गईं। पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी ऑटो ड्राइवर की पहचान हरदोई के रहने वाले हबीब के रूप में हुई, जो लखनऊ के पारा इलाके में रहता था। जब पुलिस की टीम मुखबिर की सूचना पर उसे घेरने पहुंची, तो हबीब ने भागने की कोशिश में पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘हाफ एनकाउंटर’ में आरोपी के पैर पर गोली मारी और उसे घायल हालत में दबोच लिया। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
