राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर और ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट वाली इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारत में मौजूद छात्र और कर्मचारी बाहर निकलने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए छत और खिड़कियों से छलांग लगा दी। हादसे में अब तक 15 बच्चों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों के घायल होने और कुछ के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
राहत और बचाव कार्य लगातार जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। दमकलकर्मी इमारत के हर कमरे की जांच कर रहे हैं ताकि कोई अंदर फंसा न रह जाए। घना धुआं होने की वजह से बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है और एंबुलेंस की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री योगी ने रद्द किया अलीगढ़ दौरा
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा रद्द कर दिया। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, डीजीपी राजीव कृष्ण और कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हादसे की जांच कराई जाएगी और अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है इसके साथ घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे
आग लगने की वजह की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत में फायर सेफ्टी के इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। इस हादसे के बाद शहर में चल रहे कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही पूरी रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है।
Read More-यूपी में CM के लिए सपा उतारेगी कोई मुस्लिम चेहरा? अखिलेश यादव से AIMIM की खुला मांग
