उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मदर्स डे के दिन रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बबेरू कस्बे में संपत्ति के विवाद को लेकर एक युवक ने अपनी ही मां और छोटे भाई को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि आरोपी राजकिशोर का अपने परिवार के साथ पुस्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इसी बात को लेकर घर में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और मां शांति देवी व छोटे भाई देवीदीन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े और घर में चीख-पुकार मच गई।
गोलियों की आवाज सुन दौड़े लोग, अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांसें
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। मां और बेटा खून से लथपथ पड़े हुए थे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन देर रात तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका था।
पुस्तैनी जमीन बेचने को लेकर था परिवार में तनाव
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि परिवार में कई दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता ने कुछ पुस्तैनी जमीन बेच दी थी, जिसका राजकिशोर लगातार विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार को भी इसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गोली चला दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के भीतर तनाव लंबे समय से था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि विवाद इतना खतरनाक रूप ले लेगा। इस घटना के बाद इलाके के लोग भी सकते में हैं और परिवार के बाकी सदस्य गहरे सदमे में हैं। मदर्स डे जैसे खास दिन पर मां की हत्या की खबर ने लोगों को भावुक भी कर दिया।
चार टीमें गठित, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामले को लेकर बांदा पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया था। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में जमीन विवाद ही हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और आसपास के जिलों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दोहरे हत्याकांड ने बांदा जिले में कानून-व्यवस्था और पारिवारिक विवादों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
