बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। करीब दो साल पहले सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग उन पर और उनके ड्राइवर पर एक महिला के साथ बदसलूकी करने के आरोप लगाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर जमकर बहस छिड़ गई थी और कई लोगों ने बिना पूरी जानकारी के अभिनेत्री को ट्रोल करना शुरू कर दिया था। अब हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में रवीना टंडन ने उस पूरी घटना को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो को अधूरा दिखाकर गलत माहौल बनाया गया था, जबकि असल सच्चाई कुछ और ही थी।
‘पूरी घटना CCTV में रिकॉर्ड थी’
रवीना टंडन ने बताया कि उस रात उनके घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। उन्हीं फुटेज की वजह से बाद में सच्चाई सामने आई। अभिनेत्री के मुताबिक कुछ लोग जानबूझकर विवाद पैदा करना चाहते थे और उन्हें दबाव में लेने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो को इस तरह पेश किया गया जैसे गलती उनकी हो, जबकि पुलिस जांच में मामला अलग निकला। रवीना ने दावा किया कि जांच के दौरान पुलिस ने भी इसे डराने और दबाव बनाने की कोशिश माना था। अभिनेत्री ने कहा कि सच सामने आने के बाद उन्हें राहत जरूर मिली, लेकिन उस रात का डर आज भी उन्हें याद है।
घर के बाहर जमा हो गई थी भीड़
एक्ट्रेस ने बताया कि घटना वाली रात हालात बेहद डरावने हो गए थे। उनके मुताबिक कुछ लोग अचानक घर के बाहर इकट्ठा हो गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उस समय उनके बच्चे घर के अंदर मौजूद थे और उनके पति घर पर नहीं थे। ऐसे में वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर काफी घबरा गई थीं। रवीना ने कहा कि जैसे ही वह बाहर निकलीं, वहां करीब 30 लोगों की भीड़ मौजूद थी। हालात बिगड़ते देख उनके ड्राइवर ने उन्हें वापस घर के अंदर ले जाने की कोशिश की। अभिनेत्री ने पुलिस को फोन किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ ने उनके ड्राइवर के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
‘फोन छीन लिया, घर में घुसने की कोशिश हुई’
रवीना टंडन ने इंटरव्यू में बताया कि भीड़ में शामिल कुछ लोग जबरन उनके घर के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पुलिस बुलाने की बात कही तो कुछ लोगों ने उनका फोन तक छीन लिया। अभिनेत्री के मुताबिक एक शख्स उनके घर के अंदर तक पहुंच गया था, जिसे उन्होंने खुद बाहर निकाला। रवीना ने बताया कि उस वक्त वह और उनकी दो घरेलू सहायिकाएं करीब 30 लोगों का सामना कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके ड्राइवर को बाहर सौंपने की धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो अगले दिन उसकी लाश मिलेगी। अभिनेत्री ने इस पूरे मामले को बेहद भयावह बताया और कहा कि उस रात उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर सबसे ज्यादा डर महसूस किया था।
Read more-जमीयत की बैठक में ये क्या बोल गए मौलाना मदनी? कहा ‘पहले मुसलमान को निशाना बनाया अब इस्लाम को…’
