Shah Rukh Khan Birthday: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर मुंबई स्थित उनके घर ‘मन्नत’ के बाहर सुबह से ही प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटने लगी। अपने पसंदीदा सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से फैंस मुंबई पहुंचे। भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने मन्नत के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिसकर्मी आने-जाने वाले वाहनों की जांच करने के साथ प्रशंसकों को नियंत्रित करते नजर आए। हर साल की तरह इस बार भी शाहरुख के जन्मदिन को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रशंसकों को उम्मीद है कि अभिनेता घर से बाहर आकर उन्हें बधाई देंगे और उनका अभिवादन स्वीकार करेंगे।
जन्मदिन पर शाहरुख का खास तोहफा
इस बार शाहरुख खान ने अपने जन्मदिन को और खास बनाते हुए अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज कर दिया। गाने में शाहरुख और दीपिका पादुकोण की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। इसे अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है और इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। वहीं, एड शीरन ने इसके इंग्लिश रैप से जुड़ा लेखन किया है। गाने में रोमांस के साथ दमदार एक्शन की झलक भी दिखाई गई है। शाहरुख के डायलॉग और फिल्म के शानदार दृश्य सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। फैंस के लिए जन्मदिन पर यह रिलीज किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है।
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: Security has been tightened outside actor Shah Rukh Khan’s residence ‘Mannat’ ahead of his birthday today.
Fans have also gathered outside his residence. https://t.co/MqKz7Tn5Dx
— ANI (@ANI) November 1, 2026
24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘किंग’
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। फिल्म में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर नजर आएगी। रिलीज हुए पहले गाने ने फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। खास बात यह है कि फिल्म में शाहरुख का रोमांटिक अंदाज और एक्शन अवतार दोनों देखने को मिलेंगे। ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि जन्मदिन पर मिले इस खास तोहफे के बाद फिल्म का अगला अपडेट फैंस को कितना उत्साहित करता है।
