अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा से एक बेहद दर्दनाक विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहां रविवार को यात्रियों से भरा एक निजी विमान अचानक आसमान से नीचे आ गिरा। विमान सड़क पर गिरते ही आग के भीषण गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की जान चली गई। हादसे का सबसे डरावना पहलू यह रहा कि विमान रिहायशी इलाके के बेहद करीब गिरा। आसपास कई मकान, दुकानें और सड़क पर वाहन मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि आग और धमाके की चपेट में कोई दूसरा बड़ा नुकसान नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान तेजी से नीचे आया और जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ। कुछ ही पलों में घटनास्थल पर धुएं का घना गुबार छा गया। हादसे के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें विमान को नीचे गिरते और टक्कर के बाद आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए।
14 किलोमीटर दूर है ट्रंप का मार-ए-लागो रिसॉर्ट
यह विमान हादसा पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके के पास हुआ। दुर्घटनास्थल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चर्चित मार-ए-लागो रिसॉर्ट से करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हादसे के समय विमान मिलिट्री ट्रेल नाम की छह लेन वाली व्यस्त सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस सड़क के आसपास कई दुकानें, रेस्तरां और रिहायशी मकान मौजूद हैं। विमान गिरने के बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास के इलाके में काला धुआं फैल गया। घटना के वक्त सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने अपनी कारों के भीतर से इस भयावह मंजर को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को तेजी से नीचे आते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद जमीन से टकराते ही आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई देती हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह किसी बड़े हादसे से कम नहीं था। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल इलाके को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू की।
ऑस्टिन से बहामास के लिए भरी थी उड़ान
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस दुर्घटना की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, विमान हादसा रविवार दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हुआ था। निजी विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन शहर से उड़ान भरी थी और उसे बहामास पहुंचना था। हालांकि, मंजिल तक पहुंचने से पहले ही विमान दक्षिण फ्लोरिडा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने भी हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान निजी तौर पर संचालित किया जा रहा था। विमान का रजिस्ट्रेशन या टेल नंबर N722BD बताया गया है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में विमान में सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी। परिवहन मंत्री ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लोगों से हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की।
The private jet that went down just miles from Mar-a-Lago had 9 people on board, according to the FAA.
The plane crashed in a residential area near Cresthaven, Florida.
The aircraft had departed from Austin-Bergstrom International Airport in Texas and was on its way to North Eleuthera Airport in the Bahamas when it crashed.
According to the New York Post, the plane took a “sharp right turn” before nosediving into the ground from about 8,000 feet.
The plane is a $2 million Learjet 60, according to the Post.
Witnesses on the ground say the crash sounded like a missile.
— Collin Rugg (@CollinRugg) November 1, 2026
FAA और NTSB ने संभाली जांच की जिम्मेदारी
हादसे के बाद अमेरिका की प्रमुख विमानन सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। संघीय विमानन प्रशासन यानी FAA ने घटनास्थल पर अपनी टीम भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। यह टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड यानी NTSB के साथ मिलकर दुर्घटना की जांच में सहयोग करेगी। जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर उड़ान के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिसके चलते विमान अचानक नीचे गिर गया। क्या विमान में तकनीकी खराबी आई थी, इंजन ने काम करना बंद कर दिया था या फिर खराब मौसम अथवा किसी दूसरी वजह से यह दुर्घटना हुई? इन सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। इसके लिए विमान के मलबे, तकनीकी रिकॉर्ड और उड़ान से जुड़ी जानकारियों का विश्लेषण किया जा सकता है।
