Mayawati News: महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के फैसले पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, इस समर्थन के साथ ही मायावती ने सरकार के सामने एक अहम मांग भी रख दी है। उनका कहना है कि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं के लिए इस आरक्षण में अलग से हिस्सेदारी तय होनी चाहिए। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीति में बराबर अवसर मिलना जरूरी है। बसपा लंबे समय से महिला आरक्षण लागू करने की मांग करती रही है।
SC-ST महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग
मायावती ने कहा कि महिला आरक्षण का फैसला तभी और ज्यादा प्रभावी होगा, जब इसमें समाज के वंचित वर्गों की महिलाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि SC और ST समुदाय की महिलाएं लंबे समय से सामाजिक भेदभाव और उपेक्षा का सामना करती आई हैं। ऐसे में उनके लिए अलग आरक्षण की व्यवस्था होने से राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी। मायावती ने केंद्र सरकार से इस मांग पर गंभीरता और सहानुभूति के साथ विचार करने की अपील की। उनके मुताबिक, इससे इन वर्गों की महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सकेगा।
1. जैसाकि यह सर्वविदित है कि परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के अति-मानवतावादी, कल्याणकारी व समतामूलक संविधान की पवित्र मंशाओं/उद्देश्यों आदि के प्रति सदा ही निष्ठावान एवं ईमानदार रहने के नाते बी.एस.पी. शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित आदर/अवसर दिये जाने की ज़बरदस्त पक्षधर रही है और इसीलिये देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की माँग लगातार करती रही है तथा इस बारे में केन्द्र सरकार के ताज़ा फैसले का स्वागत भी करती है।
2. किन्तु अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित व उपेक्षित रहीं ख़ासकर एससी व एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती, ताकि संकीर्ण, जातिवादी, धन व बाहुबल आदि से ग्रसित यहाँ की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौक़ा मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती। इस पर केन्द्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह ज़रूर ही उचित व न्यायपूर्ण भी होगा।
3. वैसे देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से सम्बंधित तीन विधेयकों तथा तत्सम्बंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है।
4. वास्तव में जो भी पार्टी केन्द्र की सत्ता में रहती है वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश व जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित/स्वार्थ को अधिक महत्व देती है, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है।
5. ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना में बहे हुये तथा बिना किसी लुभावने वादे, दावे व घोषणाओं आदि के छलावा में आये हुये, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें तो यह यहाँ देश के लोकतंत्र एवं संविधान की सुरक्षा और सम्मान में असली गारण्टी होगी, जिसके लिये बी.एस.पी. तत्पर है।— Mayawati (@Mayawati) November 28, 2026
परिसीमन पर भी उठाए सवाल, जनता से की खास अपील
महिला आरक्षण के समर्थन के साथ मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावों तथा परिसीमन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन के दौरान राजनीतिक दल अपने फायदे के लिए सीटों के निर्धारण को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देशहित से ऊपर राजनीतिक स्वार्थ को रखना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। इसके साथ ही मायावती ने जनता से अपील की कि चुनाव में धर्म, जाति और क्षेत्र के बजाय उम्मीदवार की योग्यता और काम को प्राथमिकता दें। उनके अनुसार, सही प्रतिनिधियों का चुनाव ही लोकतंत्र और संविधान को मजबूत बनाने का रास्ता है।
Read More-अतिक्रमण हटाने गई टीम पर अचानक पथराव! छत से बरसने लगे ईंट-पत्थर, JCB को बनाया निशाना

