Supriya Sule News: संसद के विशेष सत्र से पहले महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने की अटकलें तेज हो गई हैं। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के केंद्र सरकार के करीब आने की चर्चाओं के बीच अब मंत्री पद को लेकर नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी परिसीमन विधेयक पर समर्थन देने और INDIA गठबंधन से एनडीए की ओर जाने के बदले केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में सत्ता में हिस्सेदारी चाहती है। सबसे ज्यादा चर्चा सुप्रिया सुले (Supriya Sule) के नाम की हो रही है। बताया जा रहा है कि शरद पवार अपनी बेटी और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री पद चाहते हैं। हालांकि, अभी तक इस तरह के किसी समझौते या नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुप्रिया सुले के लिए मोदी कैबिनेट में मंत्री पद की मांग?
रिपोर्ट्स के अनुसार, NCP-SP नेतृत्व चाहता है कि सुप्रिया सुले (Supriya Sule) को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाए। सुप्रिया सुले (Supriya Sule) बारामती से लोकसभा सांसद हैं और पार्टी में उनकी अहम भूमिका है। पिछले कुछ समय से वह परिसीमन विधेयक को लेकर भी अपना रुख सामने रख रही हैं। उन्होंने पहले कहा था कि किसी भी विधेयक का विरोध करने से पहले उसके प्रावधानों को समझना जरूरी है। अब उनके संभावित मंत्री बनने की चर्चा ने महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अगर ऐसा कोई समझौता होता है तो यह INDIA गठबंधन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़े- यूपी चुनाव से ठीक पहले लखनऊ में किसने लगा दिया यह पोस्टर? अखिलेश और आजम पर लाल निशान के साथ लिखी चौंकाने वाली बात!
महाराष्ट्र सरकार में भी दो कैबिनेट मंत्री पद चाहती है पार्टी
सामने आई जानकारी के मुताबिक, शरद पवार की पार्टी सिर्फ केंद्र में ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की बीजेपी नेतृत्व वाली सरकार में भी हिस्सेदारी चाहती है। पार्टी की मांग में दो कैबिनेट मंत्री पद शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को वित्त मंत्रालय दिए जाने की चर्चा है, जबकि जितेंद्र आव्हाड को भी एक महत्वपूर्ण विभाग मिल सकता है। इसके अलावा पार्टी दो राज्य मंत्री पदों की मांग भी कर रही है। इस फॉर्मूले के जरिए NCP-SP अपने वरिष्ठ नेताओं को सरकार में प्रतिनिधित्व दिलाना चाहती है।
परिसीमन विधेयक के समर्थन से जुड़ा है पूरा सियासी गणित?
इस राजनीतिक घटनाक्रम के पीछे प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को अहम वजह माना जा रहा है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा में शुरू होने वाला है। ऐसे में सरकार के लिए इस विधेयक पर राजनीतिक समर्थन जुटाना महत्वपूर्ण हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, NCP-SP विधेयक का समर्थन करने से पहले सत्ता में हिस्सेदारी का फॉर्मूला तय करना चाहती है। हालांकि, पार्टी की ओर से एनडीए में शामिल होने या मंत्री पदों के बदले समर्थन देने की किसी औपचारिक डील की पुष्टि नहीं की गई है।
क्या INDIA गठबंधन छोड़कर NDA में जाएंगे शरद पवार?
अगर शरद पवार की पार्टी वास्तव में NDA के साथ जाने का फैसला करती है तो महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसका असर महाविकास अघाड़ी और INDIA गठबंधन दोनों पर पड़ सकता है। खासतौर पर कांग्रेस और शिवसेना (UBT) के लिए यह नई चुनौती होगी। फिलहाल पूरा मामला मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक अटकलों पर आधारित है। अब सबकी नजर शरद पवार के अगले कदम और संसद के विशेष सत्र पर टिकी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सुप्रिया सुले (Supriya Sule) जल्द मोदी सरकार में मंत्री बनेंगी या यह सिर्फ सत्ता के गलियारों में चल रही चर्चा है?

