Political News: परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में बहस तेज होती दिख रही है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सवाल उठाया कि अगर परिसीमन विधेयक पास हो जाता है तो देश के चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने की प्रक्रिया में ज्ञानेश कुमार की क्या भूमिका होगी? उन्होंने निष्पक्ष परिसीमन को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
ज्ञानेश कुमार को लेकर आशुतोष रांका का बड़ा सवाल
आशुतोष रांका ने अपने पोस्ट में कहा कि परिसीमन विधेयक पास होने की स्थिति में देशभर के चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव हो सकता है। ऐसे में निष्पक्षता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी होगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता की गारंटी दी जा सकती है? CJP पहले भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठाती रही है। पार्टी की ओर से उनके इस्तीफे की मांग भी की जाती रही है।
If the delimitation bill goes through, Gyanesh Kumar will be redrawing entire India’s electoral boundaries.
“Fair Delimitation”, anyone?
— Ashutosh Ranka (@AshutoshRanka) November 28, 2026
वोट चोरी और SIR को लेकर भी लगाए आरोप
CJP लगातार चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाती रही है। पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने का दावा किया है। उसके आरोप के मुताबिक, 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मसौदा मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए। हालांकि, ये पार्टी के आरोप हैं। इसी मुद्दे को लेकर CJP अब परिसीमन विधेयक पर भी चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सवाल उठा रही है।
परिसीमन से बदल सकता है लोकसभा का गणित
परिसीमन का मुद्दा सिर्फ चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर भी पड़ सकता है। लोकसभा की मौजूदा सीटों का बंटवारा काफी हद तक 1971 की जनगणना पर आधारित है। उस समय देश की आबादी करीब 55 करोड़ थी, जबकि अब इसमें कई गुना वृद्धि हो चुकी है। प्रस्तावित विस्तार के समर्थकों का कहना है कि सीटें बढ़ने से सांसदों पर काम का बोझ कम होगा और जनता की पहुंच आसान होगी। वहीं, आलोचकों को आशंका है कि इससे उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अंतर बढ़ सकता है। ऐसे में परिसीमन को लेकर आने वाले दिनों में बहस और तेज होने की संभावना है।

