तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से महिला के यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। करीब 9 साल पुराने इस मामले में अदालत ने जिम ट्रेनर मोहम्मद मौजम अली को दोषी करार देते हुए 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उस पर 8 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गाचीबोवली स्थित रामकी टावर्स में फिटनेस ट्रेनर के तौर पर काम करता था। महिला ने आरोप लगाया था कि ट्रेनर ने लंबे समय तक उसका यौन उत्पीड़न किया और बाद में उसे बदनाम करने की धमकी देकर परेशान किया। इस मामले में रायदुर्गम पुलिस ने जांच के बाद चार्जशीट दाखिल की थी।
जिम के महिला टॉयलेट में शुरू हुआ यौन शोषण का मामला
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला ने 13 फरवरी 2017 को रायदुर्गम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत के मुताबिक, जनवरी 2015 से आरोपी जिम के लेडीज टॉयलेट में उसका यौन शोषण कर रहा था। आरोप यह भी था कि ट्रेनर बाद में महिला के फ्लैट में जबरन घुसा और उसके साथ कई बार गलत हरकत की। वह लगातार उसे डराता और धमकाता था। इतना ही नहीं, महिला और उसके पति की सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की गई। आरोपी पर मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुंच बनाने तथा महिला की तस्वीरें हासिल करने का आरोप था।
पति को बताई आपबीती, फिर पुलिस ने शुरू की जांच
लगातार परेशान होने के बाद महिला ने 11 फरवरी 2017 को अपने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद 13 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान CCTV फुटेज सहित दूसरे जरूरी सबूत भी जुटाए गए। पुलिस ने 15 फरवरी 2017 को मोहम्मद मौजम अली को गिरफ्तार कर लिया था। जांच पूरी होने के बाद अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया। मामले की सुनवाई एलबी नगर स्थित 13वीं अतिरिक्त जिला एवं सत्र अदालत में हुई, जहां न्यायाधीश एम. वाणी ने उपलब्ध सबूतों और गवाहियों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया।
अदालत ने सुनाई 20 साल की कठोर सजा
अदालत ने मोहम्मद मौजम अली को 20 साल के कठोर कारावास के साथ 8 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। आरोपी को IPC की धारा 376, 448, 506 और 354(D)(I) के तहत दोषी पाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर डी. दुर्गा प्रसाद और सरकारी वकील पी. मंजुला देवी की अहम भूमिका रही। लंबे समय तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद आए इस फैसले को महिला के साथ हुए अपराध के मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और जिम जैसे सार्वजनिक फिटनेस केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More-दीपथून पर दीप जलाने को लेकर क्या बोले PM मोदी? सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश पर कहा- ‘भगवान मुरुगन की…’

