UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस सूची के जरिए साफ संकेत दिया है कि पार्टी इस बार भी अपने मजबूत और पुराने चेहरों के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है। खास बात यह है कि पांच में से चार सीटों पर मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि बुंदेलखंड की ललितपुर सदर सीट से महिला उम्मीदवार को टिकट दिया गया है। अब सवाल यह है कि अखिलेश यादव ने इन पांच नेताओं पर ही भरोसा क्यों जताया और क्या यह पहली सूची आने वाले चुनाव के समीकरण बदल सकती है?
सपा की पहली सूची में पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की चार सीटों और बुंदेलखंड की एक सीट को शामिल किया गया है। पार्टी ने सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर देहात से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। वहीं शामली जिले की कैराना सीट से नाहिद हसन को एक बार फिर टिकट दिया गया है। अमरोहा विधानसभा सीट से वरिष्ठ नेता महबूब अली चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा ललितपुर सदर सीट से ज्योति सिंह लोधी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी ने सूची के साथ ‘होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान’ का नारा भी दिया है। इस घोषणा को सपा की शुरुआती चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
https://t.co/dYvLhbwdVX
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 24, 2026
चार पुराने विधायकों पर फिर भरोसा, उमर अली से लेकर नाहिद हसन तक को मौका
सपा की पहली सूची में शामिल चार उम्मीदवार वर्तमान में विधायक हैं। बेहट सीट से उमर अली खान को लगातार दूसरी बार मौका मिला है। उनका जन्म 23 अप्रैल 1977 को हुआ था। उन्होंने बीए और एमबीए की पढ़ाई की है। वह 2012 से 2018 तक विधान परिषद सदस्य भी रह चुके हैं। 2022 में उन्होंने भाजपा के नरेश सैनी को हराकर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था। इसी तरह सहारनपुर देहात से आशु मलिक को दोबारा टिकट मिला है। वह 2015 से 2021 तक एमएलसी रहे और 2022 में पहली बार विधायक बने। शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन को भी पार्टी ने फिर उम्मीदवार बनाया है। वह 2014 के उपचुनाव, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर चुके हैं। उनकी बहन इकरा चौधरी वर्तमान में कैराना से लोकसभा सांसद हैं।
महबूब अली को फिर अमरोहा से टिकट, छह बार विधायक बनने का है रिकॉर्ड
पहली सूची में सबसे अनुभवी नेताओं में महबूब अली का नाम शामिल है। समाजवादी पार्टी ने उन्हें अमरोहा विधानसभा सीट से फिर चुनावी मैदान में उतारा है। करीब सात दशक से अधिक उम्र के महबूब अली का राजनीतिक सफर काफी पुराना है। उन्होंने 1985 में सहकारी डेयरी के चेयरमैन के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। 1993 में पहली बार कांठ विधानसभा सीट से विधायक बने। इसके बाद 2002 से अमरोहा की राजनीति में उनकी पकड़ मजबूत होती गई। वह अब तक छह बार विधायक चुने जा चुके हैं। प्रदेश सरकार में रहते हुए उन्होंने रेशम, वस्त्र, माध्यमिक शिक्षा और लघु सिंचाई जैसे विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली है। वर्तमान में वह लोक लेखा समिति के अध्यक्ष हैं। पार्टी ने उनके अनुभव और क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ को देखते हुए एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
ललितपुर से ज्योति सिंह लोधी को टिकट, क्या बुंदेलखंड में चलेगा सपा का नया दांव?
सपा की पहली सूची में सबसे अलग नाम ज्योति सिंह लोधी का है। पार्टी ने ललितपुर सदर विधानसभा सीट से उन्हें उम्मीदवार बनाया है। वह वर्ष 2003 से समाजवादी पार्टी से जुड़ी हुई हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं। ज्योति सिंह लोधी दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। इसके अलावा वह सपा की जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से चुनाव लड़ा था और 88,687 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रही थीं। अब पार्टी ने एक बार फिर उन्हें मौका दिया है। राजनीतिक जानकारों की नजर इस फैसले पर रहेगी, क्योंकि बुंदेलखंड में जातीय और स्थानीय समीकरण चुनाव परिणाम को प्रभावित करते हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सपा की इस घोषणा ने गठबंधन की रणनीति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पांच उम्मीदवारों की पहली सूची के बाद अब सबकी निगाहें पार्टी की अगली सूची और अखिलेश यादव के चुनावी दांव पर टिकी हैं।
