उत्तर प्रदेश के चंदौली में नेशनल हाईवे-19 पर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने सबको हैरान कर दिया। यहां सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के फुटिया और मिसिरपुरा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि विधायक बिहार के मोकामा से लौट रहे थे, जहां उन्होंने विधायक अनंत सिंह से मुलाकात की थी। इसी दौरान पीछे से आई एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने काफिले की गाड़ियों को निशाना बना लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
दो फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त, पेड़ से जा टकराई बेकाबू गाड़ी
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने विधायक के काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर और एक अन्य स्कॉर्पियो को टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ा। दुर्घटना में विधायक के एक सहयोगी सहित दूसरी गाड़ी में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो में चालक समेत चार लोग सवार थे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि भाजपा विधायक सुशील सिंह सुरक्षित बच गए और उनकी गाड़ी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
अनंत सिंह से मिलकर लौट रहे थे सुशील सिंह, हादसे को बताया संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह के परिवार में शादी का समारोह चल रहा है। इसी कार्यक्रम के सिलसिले में कई राजनीतिक हस्तियां और नेता उनसे मिलने पहुंच रहे हैं। भाजपा विधायक सुशील सिंह भी अनंत सिंह से मुलाकात के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले के साथ यह दुर्घटना हो गई। घटना के बाद सुशील सिंह ने हादसे के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उनके काफिले में पीछे करीब 15 और आगे लगभग पांच गाड़ियां चल रही थीं। इसी बीच पीछे से आई स्कॉर्पियो ने ओवरटेक करने की कोशिश की और आगे चल रही गाड़ी को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि काफिले में मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने का प्रयास भी किया था।
विधायक ने जताई साजिश की आशंका, पुलिस में शिकायत देने की तैयारी
भाजपा विधायक सुशील सिंह ने इस पूरी घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस तरह स्कॉर्पियो चालक ने एक के बाद एक गाड़ियों को टक्कर मारी और आगे निकलने की कोशिश की, उससे मामला संदिग्ध लग रहा है। विधायक के मुताबिक, बातचीत के दौरान वाहन सवारों ने खुद को स्थानीय निवासी बताया था। हालांकि, उन्होंने किसी के नशे में होने की बात नहीं कही। सुशील सिंह ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज एक सड़क हादसा था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी थी।
