उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को छोड़कर बेटी के पति यानी दामाद के साथ घर से चले जाने का आरोप लगा है। मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। महिला के बेटे ने पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह से मिलकर शिकायत की है। उसका आरोप है कि मां घर में रखे लाखों रुपये के पुश्तैनी गहने भी अपने साथ ले गई है। परिवार के मुताबिक, इन गहनों को घर में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था।
जिस दामाद के साथ गई महिला, उस पर बेटी की हत्या का आरोप
शिकायतकर्ता बेटे ने बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसके बहनोई ने बहन की हत्या कर दी थी। उस समय बच्चे की परवरिश को ध्यान में रखते हुए परिवार ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था। बेटे का दावा है कि इसके बाद उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। बहनोई का घर आना-जाना भी शुरू हो गया था। जब बीमार पिता ने इस पर आपत्ति जताई तो घर में विवाद होने लगा।
जमीन में छिपे थे सोने-चांदी के लाखों के गहने
परिवार ने महिला पर पुश्तैनी जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया है। बीमार पति के मुताबिक, घर में करीब दो किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के आभूषण जमीन में गाड़कर रखे गए थे। इनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। बेटे का यह भी आरोप है कि उसके पिता ने करीब 10 बिस्वा जमीन खरीदी थी, जिसे महिला ने 14 सितंबर को दामाद के कहने पर अपने नाती के नाम कर दिया। परिवार का कहना है कि जमीन के इस लेनदेन की जानकारी उन्हें बाद में हुई।
थाने में सुनवाई नहीं हुई तो एसपी के पास पहुंचा बेटा
बेटे के अनुसार, उसने इस मामले की शिकायत पहले अजगैन थाने में भी की थी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह एसपी जय प्रकाश सिंह से मिला और पूरे मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने परिवार को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल महिला और उसके दामाद पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच का इंतजार है। यह मामला सामने आने के बाद इलाके में भी इसकी चर्चा हो रही है।
