Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर से लड़की के साथ कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम एक लड़की एक युवक के साथ बांध बाइपास रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए वहां रुकी और फोटो लेने लगी। आरोप है कि तभी कुछ युवक वहां पहुंच गए और लड़की के साथ गाली-गलौज करने लगे।
वीडियो में छेड़खानी के आरोप, जांच में जुटी पुलिस
मामले में आरोप लगाया जा रहा है कि युवकों ने लड़की के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की। कथित तौर पर बैड टच किए जाने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला समस्तीपुर पुलिस तक पहुंचा और कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी।
वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान का प्रयास
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों को स्थानीय लोगों ने जगतसिंहपुर गांव का निवासी बताया है, लेकिन समस्तीपुर पुलिस ने अभी किसी व्यक्ति की पहचान या गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान करने के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कब और किस परिस्थिति में बनाया गया था।
पुलिस बोली- जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
समस्तीपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार पुलिस घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने का इंतजार है। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता क्या है।
Reasd More-जमुई कांड के मुख्य आरोपी तक ऐसे पहुंची पुलिस, कहां छिपा था नंदन यादव? मुठभेड़ में लगी गोली
