बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के मामले में बुधवार को कोर्ट परिसर में उस समय हंगामा हो गया, जब आरोपी हरेराम यादव को पेशी के बाद बाहर ले जाया जा रहा था। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी न्यायालय परिसर से निकल रहा था। इसी दौरान अधिवक्ता आकाश पांडे ने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कोर्ट परिसर के बाहर काफी हलचल दिखाई दे रही है।
पुलिस ने आरोपी को तुरंत सुरक्षा घेरे में लिया
थप्पड़ पड़ने के बाद स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हरेराम यादव को अपने घेरे में ले लिया। पुलिस ने लोगों को आरोपी से दूर किया और उसे सुरक्षित तरीके से कोर्ट परिसर से बाहर निकाला। इस दौरान टाउन थाना के एएसआई सुनील कुमार समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। इसके बाद आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
वकील ने थप्पड़ मारने की बताई वजह
अधिवक्ता आकाश पांडे ने मीडिया से बातचीत में आरोपी को थप्पड़ मारने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि नाबालिग छात्रा से जुड़ी घटना को लेकर जमुई में लोगों के बीच नाराजगी है। उनके मुताबिक, आरोपी को मारा गया थप्पड़ इसी आक्रोश का प्रतीक था। वकील ने यह भी दावा किया कि अधिवक्ताओं में मामले को लेकर नाराजगी है और विधिज्ञ संघ के पदाधिकारियों व वकीलों ने आरोपियों की ओर से मुकदमा नहीं लड़ने का फैसला किया है।
दूसरे आरोपी नंदन यादव पर भी हुई पुलिस कार्रवाई
मामले में नंदन यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, मेडिकल रूप से फिट होने के बाद उसे भी कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
