उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले अमन और शिवानी के बीच पिछले तीन सालों से प्रेम प्रसंग (Love Affair) चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे। दीपावली की देर रात अमन अचानक शिवानी के घर जा पहुंचा और उसके पिता से सीधे शादी की बात करने लगा। उस समय युवती के पिता ने लोक-लाज का हवाला देकर उसे बाद में आने को कहा और बात को टाल दिया। लेकिन सिरफिरे आशिक ने इसे अपनी शादी की हामी समझ लिया और यहीं से पूरे घटनाक्रम की असली शुरुआत हुई।
दरवाजे पर बारात देख भड़का परिवार, जमकर हुई मारपीट
युवती के पिता की बात को गलत ढंग से लेते हुए अमन ने अगले दिन ही बड़ा कदम उठा लिया। सोमवार की दोपहर अमन अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों को इकट्ठा कर सीधे शिवानी के दरवाजे पर बारात लेकर पहुंच गया। बिन बुलाई और अचानक आई इस बारात को देखकर युवती के माता-पिता और अन्य परिजनों के होश उड़ गए। परिवार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद हापुड़ देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थाने में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा और पुलिस की एंट्री
पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराते हुए थाने ले आई, जहां कुछ ही देर में पूरा थाना छावनी जैसा नजर आने लगा। थाने में दोनों पक्षों के बीच घंटों पंचायत चली और समझौते के तमाम प्रयास किए गए, लेकिन शुरुआती दौर में बात बनती नजर नहीं आई। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए मामले में हस्तक्षेप किया। थाना प्रभारी पारस मलिक ने कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए युवती शिवानी को ‘मिशन शक्ति केंद्र’ में एकांत में बैठाकर उससे अकेले में बातचीत की। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करने के लिए युवती का वीडियो बयान भी रिकॉर्ड किया और उसकी लिखित तहरीर भी ली।
शिवानी का आखिरी फैसला और दोनों पक्षों में समझौता
थाने में हुई पूछताछ के दौरान शिवानी ने खुलकर अपनी बात रखी और सबको चौंका दिया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी उम्र करीब 19 साल है और वह पूरी तरह से बालिग है। उसने स्पष्ट किया कि वह किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से अमन के साथ रहना चाहती है। दूसरी तरफ अमन की उम्र भी 21 साल है। दोनों के बालिग होने और युवती की स्पष्ट सहमति सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच रजामंदी करवा दी। अंत में पूरी लिखा-पढ़ी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शिवानी ने अपनी खुशी से अमन और उसके परिजनों के साथ विदा होकर नए सफर की शुरुआत की।
