तेलंगाना के सूर्यपेट जिले के हुजूरनगर मंडल की रहने वाली हिमाबिंदु की शादी अमेरिका में हुई, लेकिन इस खास मौके पर उनके माता-पिता मौजूद नहीं रह सके। जयराजू और ज्योति अपनी इकलौती बेटी की शादी में शामिल होने के लिए अमेरिका जाना चाहते थे, लेकिन आखिरी समय में वीजा से जुड़ी दिक्कतों के कारण उनकी यात्रा रद्द हो गई। बेटी की शादी का दिन उनके लिए खुशी के साथ भावुक कर देने वाला भी बन गया। आखिरकार परिवार ने टेक्नोलॉजी का सहारा लिया और शादी की लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए घर बैठे समारोह में शामिल होने का रास्ता निकाला।
TV पर बेटी को मंगलसूत्र पहनते देख निभाई रस्म
अमेरिका में शुक्रवार रात हिमाबिंदु और रोहित कुमार ने परिवार की सहमति से शादी की। शादी के दौरान जब हिमाबिंदु को मंगलसूत्र पहनाया गया, तब उसके माता-पिता घर में टीवी स्क्रीन पर पूरा समारोह देख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने स्क्रीन के सामने से ही तेलुगु परंपरा की ‘अक्षितालु’ रस्म निभाई और बेटी-दमाद पर हल्दी मिले चावल बरसाए। घर में मौजूद रिश्तेदार और पड़ोसी यह दृश्य देखकर भावुक हो गए। हजारों किलोमीटर दूर होने के बावजूद माता-पिता ने अपनी बेटी की शादी की महत्वपूर्ण रस्म में हिस्सा लिया।
बेटी अमेरिका में, गांव में मनाया शादी का जश्न
बताया गया कि हिमाबिंदु अमेरिका में काम करती हैं और वहीं उनकी मुलाकात NTR जिले के रहने वाले रोहित कुमार से हुई थी। दोनों के बीच रिश्ता आगे बढ़ा और परिवारों की सहमति के बाद शादी तय हुई। माता-पिता के अमेरिका नहीं पहुंच पाने के बाद भी परिवार ने गांव में शादी का उत्सव फीका नहीं पड़ने दिया। शादी के बाद रिश्तेदारों, दोस्तों और ग्रामीणों के लिए रिसेप्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान बेटी की शादी की खुशी पूरे गांव ने मिलकर मनाई। TV स्क्रीन पर रस्म निभाते माता-पिता का वीडियो भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
साल के आखिर में भारत आ सकता है नवविवाहित जोड़ा
हिमाबिंदु और रोहित फिलहाल अमेरिका में हैं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों के इस साल के अंत तक भारत आने की उम्मीद जताई जा रही है। तब परिवार बेटी और दामाद का स्वागत कर सकेगा। इस घटना ने दिखाया कि आज तकनीक किस तरह परिवारों को दूर रहकर भी खास मौकों से जोड़ रही है। जयराजू और ज्योति अपनी बेटी की शादी में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके, लेकिन लाइव स्ट्रीम के जरिए उन्होंने उस पल को करीब से महसूस किया। उनके लिए यह शादी खुशी और दूरी, दोनों का मिला-जुला अनुभव बन गई।
Read more-एक्सप्रेसवे पर अचानक क्यों रुक गई बस? तिरपाल बिछाते ही जो हुआ, VIDEO देख लोग रह गए हैरान
