राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में रविवार को उस वक्त माहौल गरमा गया जब विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता मथुरा जाने के लिए सड़कों पर उतर आए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय की अगुवाई में यह पूरा प्रदर्शन आयोजित किया गया था। मथुरा के लिए रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर विशेष पूजा-पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद किया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने भगवा गमछे और संगठन की विशेष टोपियां पहन रखी थीं, जबकि कई लोगों के हाथों में भगवान श्रीकृष्ण के बड़े-बड़े कटआउट नजर आ रहे थे। प्रदर्शन के दौरान ‘नंद लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ और ‘बाबर तेरी हर निशानी भारत से मिटाएंगे’ जैसे गूंजते नारों से पूरा इलाका गंज उठा, जिससे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पूरी तरह मुस्तैद हो गए।
पुलिस ने बीच रास्ते में रोका, हुआ जमकर हंगामा
लखनऊ से भारी जोश के साथ मथुरा की तरफ कूच कर रहे कार्यकर्ताओं के काफिले को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज वीएचपीआर (VHRP) कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। बैरिकेडिंग के पास पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तीखी बहस और लंबी बातचीत का दौर चला। स्थिति को बिगड़ता देख भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, काफी मान-मव्वल के बाद आखिरकार संगठन के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को अपनी मांगों से जुड़ा एक ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद जाकर प्रदर्शन समाप्त हुआ और मामला शांत हुआ। पुलिस की सख्ती के कारण कार्यकर्ता अपने तयशुदा कार्यक्रम के तहत मथुरा नहीं पहुंच सके, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने दो टूक चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो संगठन और भी बड़े स्तर पर दोबारा मथुरा कूच करने का प्रयास करेगा।
अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा पर टकटकी
इस पूरे आंदोलन के पीछे संगठन की मुख्य मंशा मथुरा में भव्य धार्मिक निर्माण और धार्मिक पवित्रता को बनाए रखना है। मीडिया और प्रशासन के सामने अपनी बात रखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने स्पष्ट किया कि अयोध्या और काशी के बाद अब सनातन प्रेमियों की नजरें मथुरा पर टिकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा से देश-विदेश के करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की गहरी आस्था जुड़ी है। संगठन की प्रमुख मांगों में मथुरा में भव्य मंदिर के निर्माण के साथ-साथ शहर के पवित्र परिक्रमा मार्ग पर मांस, मछली और शराब की पूर्ण बिक्री पर रोक लगाना शामिल है। इन तमाम मांगों के समर्थन में संगठन के कई सदस्य पिछले 10 दिनों से लगातार अनशन पर बैठे हुए हैं, जिससे उनकी जिद और आंदोलन के तेवर साफ तौर पर जाहिर होते हैं।
25 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का बड़ा दावा
विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करने के संकेत दिए हैं। संगठन का दावा है कि उनकी मांगों के समर्थन में देश भर से करीब 25 हजार कार्यकर्ता और साधु-संत आने वाले दिनों में मथुरा कूच करेंगे। हालांकि रविवार को लखनऊ में स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते यह काफिला आगे बढ़ने में नाकामयाब रहा, लेकिन संगठन ने साफ कर दिया है कि यह संघर्ष रुकने वाला नहीं है। प्रशासन के सामने अपनी बात रखने के बाद कार्यकर्ताओं ने फिलहाल अपना आज का प्रदर्शन समाप्त कर दिया है, लेकिन जिस तरह से संगठन ने दोबारा कूच करने की हुंकार भरी है, उससे आने वाले दिनों में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज होना तय माना जा रहा है।
Read more-थाना प्रभारी की मौत से मचा हड़कंप, सरकारी आवास में इस हालत में मिला शव, स्टेटस ने बढ़ाया रहस्य
