बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। वाल्टरगंज थाने के प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव सदर कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के पास स्थित सरकारी आवास में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर DIG और SP समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
काफी देर तक नहीं मिला जवाब, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि सूर्य प्रकाश सिंह के सरकारी आवास पर उनका एक सहयोगी पहुंचा था। उसने काफी देर तक फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद आवास का दरवाजा खोला गया तो अंदर थाना प्रभारी का शव पंखे से लटका मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले उनके साथ क्या हुआ था और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई। घटनास्थल और आसपास की स्थिति की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
मौत से पहले सोशल मीडिया स्टेटस ने खड़े किए सवाल
सूर्य प्रकाश सिंह के सोशल मीडिया स्टेटस ने इस घटना को और रहस्यमय बना दिया है। उनके स्टेटस में लिखा था, ‘धन-संपदा भी आवश्यक है, परंतु शांति और प्रेम से बढ़कर नहीं।’ इस स्टेटस के सामने आने के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे उनकी मौत से जोड़कर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है। अधिकारी मोबाइल फोन समेत अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं। सूर्य प्रकाश सिंह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले थे। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।
Read more-आधी रात पुल पर बच्चे को छोड़कर गायब हुए माता-पिता, फिर सामने आई खौफनाक सच्चाई
