भारतीय जनता पार्टी (BJP) में संगठनात्मक बदलाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपनी नई टीम तैयार कर रहे हैं और माना जा रहा है कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जल्द सामने आ सकती है। नई टीम में कुछ पुराने चेहरों को अहम जिम्मेदारी मिलने के साथ युवाओं और महिलाओं को भी जगह दिए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, हरीश द्विवेदी और विनोद तावड़े जैसे नेताओं का नाम नई टीम में लगभग तय माना जा रहा है, जबकि सुनील बंसल के भी टीम में बने रहने की संभावना है।
हरीश द्विवेदी को मिल सकता है बड़ा पद
BJP की नई राष्ट्रीय टीम में हरीश द्विवेदी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें संगठन में पहले से बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं विनोद तावड़े का नाम भी अहम पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश इस बार ऐसी टीम तैयार करने की है, जिसमें अनुभव के साथ नई पीढ़ी के नेताओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिले। इसी वजह से 40 से 50 वर्ष की उम्र के नेताओं के अलावा युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है। महिलाओं को संगठन में प्रतिनिधित्व देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा सकता है।
यूपी से पंजाब तक चुनावों को ध्यान में रखकर बनेगी टीम
नितिन नवीन की नई टीम के सामने आने वाले वर्षों में कई बड़ी चुनावी चुनौतियां होंगी। खास तौर पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण होंगे। इसके बाद 2029 का लोकसभा चुनाव भी सामने रहेगा। ऐसे में बीजेपी संगठन में ऐसे नेताओं को जिम्मेदारी देने की कोशिश कर सकती है, जिनका संबंधित राज्यों में मजबूत संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक पकड़ हो। नई टीम बनाते समय क्षेत्रीय संतुलन, जातीय समीकरण, युवाओं की भागीदारी और महिला प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों को भी ध्यान में रखा जा सकता है।
नई टीम के साथ नितिन नवीन के सामने बड़ी जिम्मेदारी
BJP की नई राष्ट्रीय कमेटी में उपाध्यक्ष और महासचिव समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। पार्टी के भीतर इसे लेकर लगातार मंथन चल रहा है। नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही उनकी नई टीम को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अब सूची अंतिम चरण में पहुंचने की बात सामने आ रही है। अगर हरीश द्विवेदी और विनोद तावड़े को बड़ी जिम्मेदारी मिलती है तो संगठन में उनका कद और बढ़ेगा। वहीं सुनील बंसल की संभावित मौजूदगी भी संगठन के अनुभव को बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
संघ की बैठक के बाद बढ़ सकती है गतिविधियां
इस बीच BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष सोमवार शाम विशाखापत्तनम के लिए रवाना होंगे। दोनों नेता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक 19 से 21 अगस्त तक प्रस्तावित है। ऐसे में बीजेपी की नई टीम को लेकर होने वाले संगठनात्मक फैसलों पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी होने के बाद यह साफ होगा कि नितिन नवीन की टीम में किन नेताओं को जगह मिलती है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को किस तरह मजबूत करने की रणनीति अपनाती है।
Read More-महाकाल मंदिर में अचानक ऐसा क्या हुआ मच गई भगदड़? एक अफवाह ने श्रद्धालुओं में मचा दी दहशत
