Lalit Modi News: IPL के संस्थापक और कारोबारी ललित मोदी (Lalit Modi) के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने की खबरों ने हाल ही में खूब चर्चा बटोरी। इन खबरों के बीच अब ललित मोदी की ओर से बड़ा स्पष्टीकरण सामने आया है। उन्होंने इन दावों को पूरी तरह गलत बताते हुए लीगल नोटिस जारी किया है। साथ ही साफ किया है कि उन्हें शो में शामिल होने के लिए कोई ऑफर नहीं मिला है और न ही उनका बिग बॉस 20 का हिस्सा बनने का कोई इरादा है।
बिग बॉस में जाने की खबर पर ललित मोदी ने क्या कहा?
ललित मोदी (Lalit Modi) ने सोशल मीडिया पर एक लीगल नोटिस साझा करते हुए उन रिपोर्ट्स पर नाराजगी जताई, जिनमें उनके बिग बॉस 20 में शामिल होने का दावा किया गया था। उन्होंने कहा कि इस शो के लिए उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया है। उन्होंने ऐसी खबरों को ‘फेक न्यूज’ बताया और मीडिया संस्थानों से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले संबंधित व्यक्ति से जानकारी की पुष्टि जरूर की जाए। उनका कहना है कि बिना उनसे पूछे उनके बारे में एक मनगढ़ंत कहानी को खबर की तरह पेश किया गया।
लीगल नोटिस में रिपोर्ट्स को बताया गलत
ललित मोदी (Lalit Modi) की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके बिग बॉस 20 में शामिल होने से जुड़ी खबरें पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद हैं। नोटिस के मुताबिक, शो के निर्माता, चैनल, ब्रॉडकास्टर या उससे जुड़े किसी व्यक्ति ने ललित मोदी से संपर्क नहीं किया। उनकी तरफ से किसी अन्य व्यक्ति को भी शो में बातचीत या प्रतिनिधित्व करने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है। नोटिस में उनके नाम और तस्वीर के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई है।
मीडिया से खबरें हटाने की अपील
नोटिस में मीडिया हाउस, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आम लोगों से ऐसी खबरों को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की गई है। साथ ही पहले प्रकाशित की जा चुकी ऐसी रिपोर्ट्स को हटाने या वापस लेने की मांग भी की गई है। ललित मोदी (Lalit Modi) की ओर से यह भी कहा गया है कि उनके नाम, तस्वीर, आवाज या व्यक्तित्व का इस्तेमाल इस तरह नहीं किया जा सकता, जिससे उनका बिग बॉस से कोई संबंध होने का गलत संकेत मिले। उन्होंने इस मामले में अपने सभी कानूनी अधिकार सुरक्षित रखे हैं।
बिग बॉस 20 और ललित मोदी की भारत वापसी का क्या कनेक्शन?
बिग बॉस 20 का प्रीमियर 6 सितंबर को कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर होने की जानकारी सामने आई है। इसी बीच ललित मोदी (Lalit Modi) के शो में आने की अफवाहों ने उनकी भारत वापसी को लेकर भी चर्चा बढ़ा दी। ललित मोदी 2010 से लंदन में रह रहे हैं। आईपीएल से जुड़े विवादों के बाद उन्होंने भारत छोड़ दिया था। हालांकि, बिग बॉस 20 में शामिल होने की खबरों पर अब उन्होंने खुद साफ कर दिया है कि ऐसी कोई योजना नहीं है।
