Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अतरौली मार्ग पर सड़क किनारे दो युवकों के शव मिले। घटना तकिया-आटामऊ मार्ग पर निर्माणाधीन जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से कुछ दूरी पर हुई। राहगीरों ने शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी,जिसके बाद स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गहरी चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि धारदार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या की गई और बाद में शव सड़क किनारे फेंक दिए गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतकों की हुई पहचान, जल्द खुलासे का दावा
पुलिस जांच के दौरान मृतकों की पहचान कछौना क्षेत्र के रहने वाले 26 वर्षीय अरुण चौरसिया और 27 वर्षीय अभिषेक चौरसिया के रूप में हुई है। दोनों की मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन विशेष जांच टीमें बनाई गई हैं, जिनकी निगरानी क्षेत्राधिकारी संडीला और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मृतकों के संपर्कों और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read more-NSA डोभाल की मौजूदगी में PM मोदी की हाई लेवल बैठक से बढ़ी हलचल, आखिर CCS में क्या हो रहा है?
