उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में शादी की खुशियां उस समय अचानक तनाव में बदल गईं, जब निकाह से कुछ घंटे पहले दूल्हे के मोबाइल पर जान से मारने की धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले ने साफ कहा कि अगर उसने युवती से निकाह किया तो उसे गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के बाद दूल्हा और उसके परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों को पुलिस थाने तक जाना पड़ा। गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
निकाह से पहले आया फोन, दूल्हे के उड़े होश
मामला अमरोहा जिले के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां शनिवार को बिजनौर जिले से एक युवक की बारात पहुंची थी। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और बाराती खाना खा रहे थे। कुछ ही देर बाद निकाह पढ़ाया जाना था। इसी बीच दूल्हे के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को युवती का प्रेमी बताते हुए दूल्हे को जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि फोन करने वाले ने कुछ ऐसी जानकारी और साक्ष्य भी बताए, जिससे दूल्हा और उसके परिजन परेशान हो गए। इसके बाद दूल्हे ने निकाह करने से साफ मना कर दिया।
थाने से पंचायत तक हुई बातचीत, नहीं निकला रास्ता
धमकी मिलने के बाद दूल्हा अपने परिवार के साथ मंडी धनौरा थाने पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। दूसरी ओर दुल्हन पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाकर विवाद सुलझाने की कोशिश की गई। हालांकि, वहां भी कोई फैसला नहीं हो पाया। आखिर में दूल्हा अपने परिजनों और बारातियों के साथ बिना निकाह किए वापस लौट गया। शादी की तैयारियां धरी रह गईं और दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
दुल्हन के भाई ने लगाया पुरानी रंजिश का आरोप
दुल्हन के भाई का कहना है कि यह पूरा मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हो सकता है। उसके मुताबिक, किसी ने जानबूझकर फोन करके धमकी दी, जिसके कारण दूल्हा पक्ष ने शादी तोड़ दी। उसने शादी की तैयारियों पर करीब 20 से 25 लाख रुपये खर्च होने का दावा किया है। परिवार का कहना है कि फर्नीचर, घरेलू सामान और स्विफ्ट कार भी दी गई थी। वहीं दुल्हन ने साफ कहा कि वह अपने माता-पिता की पसंद से शादी करना चाहती थी और उसे इस रिश्ते से कोई परेशानी नहीं थी। उसने गांव के अरशद नाम के युवक पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Read more-निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा! 11 हजार वोल्ट की लाइन बनी काल, 8 मजदूरों की मौत से मचा हड़कंप
