जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक युवक ने हमला कर दिया। अभिजीत दीपके NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीपके अपने समर्थकों के साथ मंच की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोग उनके करीब पहुंचे और अचानक एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के कंधों पर बैठकर आगे बढ़ रहे हैं। इसी दौरान उनके गले में पड़ा गमछा खींचा जाता है और फिर एक युवक उनके पास पहुंचकर उन्हें थप्पड़ मार देता है। घटना के तुरंत बाद समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। कुछ लोगों ने उसके साथ हाथापाई भी की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और युवक को हिरासत में लेकर विधायकपुरी थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
View this post on Instagram
प्रदर्शन के लिए पहले से मिली थी अनुमति
कॉकरोच जनता पार्टी ने पहले ही जयपुर में बड़े प्रदर्शन की घोषणा की थी। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके रविवार देर रात जयपुर पहुंचे थे। इससे पहले दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देशभर में इसी तरह के प्रदर्शन करने की बात कही थी। जयपुर में कार्यक्रम की अनुमति को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद भी हुआ था। बाद में प्रशासन ने कुछ शर्तों के साथ प्रदर्शन की अनुमति दी। प्रशासन ने साफ किया था कि कार्यक्रम में 800 से अधिक लोग शामिल नहीं होंगे और आयोजकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना होगा।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को लेकर था प्रदर्शन
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन केवल किसी एक संगठन का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की आवाज उठाने का प्रयास था। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लोगों से तिरंगा, किताब और फूल लेकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। उनका कहना था कि आंदोलन का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग करना है। वहीं, अभिजीत दीपके पर हुए हमले के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More-बिना विधायक बने मंत्री कैसे बने रहे दीपक प्रकाश? सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से किया सवाल, नोटिस जारी
