उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों को हिला कर रख दिया है। यहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि झाड़-फूंक के बहाने उसे अपने जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे गांव जीवाला निवासी एक युवक नदीम उसे और उसके बच्चे को इलाज के नाम पर अपने साथ ले गया। महिला को बताया गया कि उसकी समस्या का समाधान झाड़-फूंक से किया जाएगा, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके साथ इतनी बड़ी साजिश होने वाली है।
नशीला पदार्थ देकर वारदात को दिया अंजाम
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे थाना नागल क्षेत्र के सीडकी गांव स्थित एक धार्मिक स्थल पर ले गया, जहां मौजूद मौलवी के साथ मिलकर उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। पीड़िता का कहना है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने के बाद जब उसने विरोध किया, तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, महिला का आरोप है कि उसे गांव माजरी तक छोड़ने के दौरान भी आरोपी ने उसके साथ मारपीट की।
शिकायत के बाद भी डर का साया
घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति के साथ थाना फतेहपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। लेकिन उसका आरोप है कि आरोपी वहां भी पहुंच गया और धमकी देकर कार्रवाई को रुकवा दिया। महिला का कहना है कि उसे न्याय नहीं मिल रहा है और वह लगातार डर के साये में जी रही है। उसने प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, उनकी गिरफ्तारी हो और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पीड़िता ने यह भी आशंका जताई है कि इस तरह की घटनाओं में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और अन्य पीड़िताएं भी सामने आ सकती हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि महिला द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को संवेदनशील मानकर जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।
Read more-BJP का राहुल गांधी की घर के बाहर भयंकर विरोध प्रदर्शन, महिला आरक्षण बिल से भड़का विवाद
