Baramati Plane Crash: महाराष्ट्र के बारामती में हुए दर्दनाक विमान हादसे का लाइव सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। गोजुबावी ग्रामपंचायत के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुए इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विमान कुछ सेकेंड तक हवा में अस्थिर हालत में उड़ता नजर आता है और फिर अचानक तेज़ी से नीचे गिरते हुए ज़मीन से टकरा जाता है। टकराते ही विमान में ज़ोरदार विस्फोट होता है और आग का गोला बन जाता है। यह वीडियो बुधवार सुबह हुए हादसे के उन आखिरी पलों को दिखाता है, जिन्होंने अजित पवार सहित पांच जिंदगियों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद हादसे की भयावहता और भी स्पष्ट हो गई है।
लैंडिंग से पहले असंतुलन, ज़मीन से टकराते ही हुआ विस्फोट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजित पवार को लेकर जा रहा चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट के ऊपर कुछ देर तक चक्कर लगाता रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि विमान सामान्य तरीके से उड़ान नहीं भर रहा था और हवा में डगमगाता दिखाई दे रहा था। जब विमान रनवे की ओर नीचे उतरने लगा, तभी उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। चश्मदीदों के मुताबिक विमान हवाई पट्टी से करीब 100 फीट पहले ही तेज़ी से नीचे गिरा और ज़मीन से टकराते ही उसमें ज़ोरदार विस्फोट हो गया। इस धमाके के साथ ही आसमान में काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया।
‘धमाके की आवाज़ घर तक आई’, लगातार हुए 4–5 विस्फोट
अजित पवार प्लेन क्रैश हादसे की गवाह एक महिला ने बताया कि वह अपने घर के पास थी, तभी उसने विमान को असामान्य तरीके से उड़ते देखा। महिला के मुताबिक, “विमान ने हवा में एक चक्कर लगाया, वह स्थिर नहीं लग रहा था। जैसे ही वह ज़मीन की ओर आया, ज़ोर से टकराया और धमाका हुआ। धमाके की आवाज़ हमारे घर तक सुनाई दी।” एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के बाद विमान आग की लपटों में घिर गया और इसके बाद लगातार चार से पांच धमाके हुए। आग इतनी भयानक थी कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। लोगों को तभी अंदेशा हो गया था कि यह एक बहुत बड़ा हादसा है।
रेस्क्यू टीम पहुंची, पांचों की मौत, CCTV वीडियो बना सबसे बड़ा सबूत
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 50 मिनट पर यह विमान हादसा हुआ। विमान में अजित पवार समेत कुल पांच लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर और विस्फोट के कारण शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे, जिससे पहचान करना भी बेहद मुश्किल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शी प्रमोद मदुरीकर ने बताया कि शुरुआती स्तर पर शवों को एंबुलेंस में भेजा गया और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। अब सामने आया CCTV फुटेज जांच एजेंसियों के लिए अहम सबूत माना जा रहा है, जिससे यह समझने में मदद मिलेगी कि लैंडिंग से ठीक पहले विमान के साथ आखिर क्या हुआ था।
